विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया, हिमाचल में CM के स्वागत की तैयारी में जुटे युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष की करंट से मौत

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:53 AM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के स्वागत की तैयारियों के दौरान हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत हो गई।

चंद्रमणि कुलेठी फाइल फोटो

चंद्रमणि कुलेठी फाइल फोटो

HighLights

  1. युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत

  2. मुख्यमंत्री सुक्खू के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे

  3. दो साल का बेटा और पत्नी छोड़ गए पीछे

संवाद सहयोगी, किन्नौर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के स्वागत की तैयारियों में जुटे हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत हो गई।

बुधवार देर रात करीब 11 बजे होली स्थित वन विश्राम गृह के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। चंद्रमणि की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस स्थान के आसपास वह मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे, वहीं वीरवार को मुख्यमंत्री की जनसभा होनी थी।

चंद्रमणि कुलेठी पुत्र धर्म चंद कुलेठी निवासी होली मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान देर रात करीब 11 बजे वन विश्राम गृह के पास बिजली के खंभे के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गए। साथियों ने बिना देर किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीन दिन पहले मनाई थी शादी की तीसरी सालगिरह

चंद्रमणि कुलेठी की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनकी शादी तीन साल पहले हुई थी और उनका दो साल का एक बेटा है।

दुखद संयोग यह है कि महज तीन दिन पहले ही उन्होंने अपनी शादी की तीसरी सालगिरह मनाई थी। जिस परिवार में कुछ दिन पहले खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। पिता के साये से महरूम हुए मासूम बेटे के भविष्य और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मुख्यमंत्री की जनसभा से पहले हुआ हादसा

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की वीरवार को होली में जनसभा प्रस्तावित थी। इसके लिए स्वागत की तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। युवा कांग्रेस के पदाधिकारी की असमय मौत से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी शोक का माहौल है।

एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में सक्रिय चंद्रमणि कुलेठी की इस तरह हुई मौत ने क्षेत्रवासियों को स्तब्ध कर दिया है।