14 साल बाद ऊना का तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस
प्रदेश के ऊना जिला में चौदह वर्षों के बाद सोमवार को सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया।
शिमला, जेएनएन। प्रचंड गर्मी से पहाड़ भी तप गए हैं। मैदानी क्षेत्रों में लोग बेहाल हैं। हिमाचल के ऊना जिला में 14 साल बाद सोमवार को सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया। 21 जून 2005 के बाद ऊना में तापमान सबसे उच्चस्तर पर 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी से जिला में दिन में कर्फ्यू जैसे हालात हो गए हैं। हालांकि, मंगलवार को मौसम ने राहत दी है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को शिमला का तापमान भी पांच साल में सबसे उच्चस्तर पर दर्ज किया गया। शिमला का सबसे उच्च तापमान 2007 में 31.5 दर्ज किया गया है।
जिस तरह से हर दिन तापमान में दो से तीन डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जा रही है उस हिसाब से ये रिकॉर्ड भी ध्वस्त हो सकता है। तीन दिन से पड़ रही प्रचंड गर्मी ने नया रिकार्ड बना दिया है। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने मंगलवार से प्रदेश के पांच जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा और सोलन और बुधवार को चार जिलों ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
सोमवार को 14 साल बाद ऊना में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई है। आगामी दो दिन के दौरान तूफान चलने की संभावना है इससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी। -मनमोहन, निदेशक मौसम विभाग शिमला।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप