शिमला में ओलावृष्टि से फसलें तबाह
पर्यटन नगरी शिमला में आज एकबारगी बर्फबारी का एहसास ताजा हो गया।
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी सहित जिला के अधिकतर इलाकों में वीरवार को ओलावृष्टि हुई। इससे जहां सेब सहित फसलों को नुकसान हुआ है, वहीं ठंड बढ़ गई है। शहर में दोपहर बाद हुई ओलावृष्टि का आलम ये था कि पूरा शहर सफेद चादर से ढक गया। ऐसे में खासकर शिमला घूमने आए पर्यटकों को इस ओलावृष्टि ने बर्फ का ही एहसास दिला दिया। पूरे शहर में कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन ठप हो गया। गिरे तापमान के चलते शहरवासियों और पर्यटकों को जबरदस्त ठिठुरन का सामना भी करना पड़ा। ऊपरी शिमला में ओलावृष्टि से खासकर सेब को भारी नुकसान पहुंचा है। शिमला, मशोबरा विकास खंड के कंडा, कुफरी, फागू में अधिक ओलावृष्टि हुई है। राजधानी के साथ लगते क्षेत्रों में ओलावृष्टि के कारण फूल गोभी, मटर और शिमला मिर्च की फसल प्रभावित हुई है। गुठलीदार फलों की सेटिग पूरी हो चुकी थी, लेकिन ओलावृष्टि के कारण फल पत्तों समेत जमीन पर गिर गए। तापमान में गिरावट आने के कारण सेब की फसल को असर पड़ा है। कम तापमान में फूल अच्छे से विकसित नहीं हो पाएगा, जिसका असर उत्पादन पर पड़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार शिमला में बारिश, ओलावृष्टि से अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। शिमला का अधिकतम तापमान लुढ़क कर 12.4 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से समूचे जिला में मौसम साफ होने का पूर्वानुमान लगाया है।