हिमाचल में नव वर्ष का आगाज, बरस सकते हैं बादल; हो सकती है बारिश
हिमाचल में पहली जनवरी को कई क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी होने की उम्मीद है, छह जनवरी तक मौसम खराब रहेगा।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में नववर्ष का आगाज बारिश व बर्फबारी के साथ होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार पहली जनवरी को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी होने की उम्मीद है। प्रदेश में छह जनवरी तक मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान कुछ जगह बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।
प्रदेश में इन दिनों केलंग, कल्पा व मनाली का न्यूनतम तापमान माइनस में है। सोमवार को मौसम शुष्क बना रहा। तेज हवा न चलने के कारण ठंड से कुछ हद तक राहत मिली। राजधानी शिमला में दिनभर धूप खिली रही। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पहली व दो जनवरी को प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्यम व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। तीन जनवरी को मौसम प्रदेशभर में शुष्क बना रहेगा। चार से छह जनवरी तक उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहुल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू व मंडी जिलों के ऊपरी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है।
ऊना में आज से सुबह साढ़े नौ बजे लगेंगे स्कूल
जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों को ठंड से बचाने के लिए स्कूल की समयसारिणी में बदलाव किया है। पहली जनवरी से स्कूल सुबह साढ़े नौ बजे खुलेंगे। जबकि पहले स्कूल खुलने का समय नौ बजे था। यह आदेश सभी सरकारी एवं गैर-स्कूलों पर लागू होंगे। पहली से लेकर 31 जनवरी तक यह समयसारिणी रहेगी।
जबकि, शाम के समय छुट्टी का समय शाम तीन बजे ही रहेगा। इस आदेश के चलते जिले के लगभग एक हजार स्कूलों के हजारों बच्चों को राहत मिलेगी। इन दिनों गिरते पारे के चलते ठंड का प्रकोप चरम पर है। ऊना में पारा शून्य के स्तर से भी नीचे जा चुका है, जबकि कोहरे के कारण भी स्थिति बिगड़ती जा रही है। जिलावासियों को ठंड से दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। दूसरी ओर स्कूली विद्यार्थियों के लिए सुबह के समय स्कूल पहुंचने में भी कठिनाई हो रही है।
उपायुक्त ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि यह आदेश जिला के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों पर लागू होंगे। नई समयसारिणी के अनुसार स्कूल लगेंगे और एक माह तक सभी को इसका पालन करना होगा। किसी प्रकार का उल्लंघन होने पर प्रशासन कार्रवाई अमल में लाएगा।