विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहाड़ों के बीच अब क्रूज और जेट स्की का रोमांच, कोल डैम में शुरू हुआ एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स; 35 KM में नया टूरिज्म हब

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:04 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के कोल डैम जलाशय में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ किया।

कोल डैम में वाटर स्पोर्ट्स शुरू, 35 किमी क्षेत्र बनेगा पर्यटन केंद्र।

कोल डैम में वाटर स्पोर्ट्स शुरू, 35 किमी क्षेत्र बनेगा पर्यटन केंद्र।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने कोल डैम में वाटर स्पोर्ट्स का शुभारंभ किया

  2. ऐहन से तत्तापानी तक 35 किमी क्षेत्र विकसित होगा

  3. स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल के पहाड़ों के बीच पर्यटक अब प्राकृतिक नजारों के साथ जलाशय में रोमांचक गतिविधियों का आनंद भी ले सकेंगे। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से मंडी जिले के ऐहन स्थित कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ किया।

ऐहन से तत्तापानी तक करीब 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में जल क्रीड़ा गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। इससे क्षेत्र को नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने की उम्मीद है।

पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही सरकार

जलाशय में पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज आकर्षण होंगे। पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता के बीच इनका आनंद ले सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वाटर स्पोर्ट्स से पर्यटन को नए आयाम मिलेंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।

पर्यटन क्षेत्र से लाखों परिवारों को आजीविका मिलती है और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि इससे पहले बिलासपुर में भी इस तरह की गतिविधियां शुरू की जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य हिमाचल को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।

पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का सोच अब धरातल पर साकार हो रहा है। शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और महाधिवक्ता अनूप रतन उपस्थित रहे। ऐहन में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा और उपायुक्त अपूर्व देवगन भी मौजूद रहे।