बिना पाइप बदले छोड़ दिया पानी
शिमला शहर के कनलोग वार्ड में गंदे पानी की आपूर्ति करने के बाद नग
जागरण संवाददाता, शिमला : शिमला शहर के कनलोग वार्ड में गंदे पानी की आपूर्ति करने के बाद नगर निगम ने मेन पाइप बदल कर पल्ला झाड़ लिया। वहीं लोगों ने आपत्ति जाहिर की। कश्मीरी लाल भवन में रहने वाले जीडी शर्मा ने कहा कि मेयर यहां आई थीं। उन्होंने पाइपें बदलने की बात कही थी, लेकिन शनिवार को केवल निगम ने अपनी मेन लाइन की पाइपें बदली हैं, जबकि लोगों के घरों तक जाने वाली पाइपों को बदला नहीं गया है। ऐसे में अब हम कैसे पानी को पीएं। नगर निगम प्रशासन का तर्क है एमसी अपनी मेन पाइप ही बदलेगा। वहीं, सीवरेज की पाइप में लीकेज होना शुरू हो गई है। लोगों में काफी रोष बढ़ गया है, लेकिन हैरानी तो इस बात की है कि नगर निगम प्रशासन दोहरी रणनीति पर कैसे चल रहा है, जब निगम की गलती से गंदे पानी की आपूर्ति हुई है तो उसका खर्च आम जनता क्यों उठाए। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि घरों तक पानी की आपूर्ति की जाए। इसके साथ लीकेज को पूरी तरह बंद किया जाए। मगर दिलचस्प बात तो यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी निगम अधिकारियों ने लीपापोथी कर दी। सीवरेज की लीकेज को पट्टियां बांध कर रोका गया, जोकि कुछ घंटों के बाद दोबारा लीक होना शुरू हो गई।
--------
ये था मामला
बुधवार शाम को कनलोग के शांडिल निवास और कश्मीरी लाल निवास में सीवरेजयुक्त पानी की आपूर्ति पूरी रात होती रही। सुबह सभी टंकियां सीवरेज से भर गई थी। हालांकि जब लोगों को पता चला तो पार्षद से शिकायत की गई। कुछ घंटों में कनेक्शन काट दिए गए। शुक्रवार को मेयर मौके का दौरा करने के लिए पहुंची थीं। उस दौरान लाइन बदलने का आश्वासन लोगों को दिया गया।
--------
हम अपनी मेन लाइन ही बदल सकते हैं। लोगों के घरों की पाइप कैसे बदलें। हमने दो बार टंकियां साफ करवा दी हैं। क्लोरीन से साफ कर कर दिया गया। इससे ज्यादा क्या कर सकते हैं। लोगों को निजी पाइपें तो स्वयं ही बदलनी होंगी।
-विजय गुप्ता, निगम अभियंता।