वीरभद्र समर्थकों की बल्ले-बल्ले, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर को झटका
हिमाचल कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी में वीरभद्र्र सिंह समर्थकों की बल्ले-बल्ले पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर को लगा झटका।
मंडी, हंसराज सैनी। करीब चार माह के लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से घोषित की प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी में मंडी जिला में वीरभद्र्र सिंह समर्थकों की बल्ले-बल्ले हुई है। पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर को झटका लगा है। उनके किसी भी समर्थक को कार्यकारिणी में कोई ओहदा नहीं मिला है। यहां तक की उनकी बेटी चंपा ठाकुर को भी कार्यकारिणी में जगह नहीं मिली है।
पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर को दरकिनार किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र्र सिंह के ओएसडी रहे अमितपाल को उनके कद के अनुरूप पद नहीं मिला है। उन्हें कार्यकारिणी सदस्य तक समिति कर दिया गया है। सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने वाले पूर्व आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी को जिलाध्यक्ष का दायित्व सौंप कांग्रेस नेतृत्व ने गुटबाजी पर विराम व अनुसूचित जाति के वोटरों को साधने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रतिद्वंदी चेतराम ठाकुर को महासचिव व अनुशासन समिति का सदस्य बनाकर उनका कद ऊंचा किया गया है। करसोग से पूर्व विधायक मस्त राम की पत्नी व जिला परिषद सदस्य निर्मला चौहान को सचिव व अधिवक्ता एवं नगर परिषद मंडी की पार्षद अलकनंदा हांडा को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। सुंदरनगर के वीरेंद्र सूद सचिव की कुर्सी बनाने के साथ अनुशासन समिति में जगह पाने में कामयाब रहे हैं।
पूर्व जिला अध्यक्ष सुंदरनगर पवन ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष शशि शर्मा भी सदस्य तक सीमित रह गए हैं। नाचन हलके के युवा तुर्क केशव नायक भी सचिव पद हथियाने में सफल रहे हैं। जोगेंद्रनगर के जीवन ठाकुर को छोड़ प्रदेश कार्यकारिणी में मंडी जिले से वीरभद्र्र सिंह समर्थक अपना दबदबा बनाने में कामयाब रहे हैं। आश्रय शर्मा को पदोन्नति मिली है। वह सुक्खू कार्यकारिणी में सचिव थे। राठौर कार्यकारिणी में महासचिव बनाए गए हैं। प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में शामिल कौल सिंह ठाकुर व उनके समर्थकों की जिस तरह से अनदेखी हुई है, उनका आने वाले दिनों में क्या रूख रहेगा यह देखने वाली बात होगी।
नगर निगम शिमला के कर्मचारियों को जल्द मिलने वाला है ये बड़ा तोहफा
Weather Updates: 21 मार्च को इन सात जिलों में तूफान की चेतावनी, यलो अलर्ट जारी