'लंबे समय से थी भावना', वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण पर भावुक हुईं प्रतिभा; कांसे से बनी 8 फीट ऊंची आकृति
शिमला के रामपुर बुशहर स्थित सराहन में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर ...और पढ़ें

सराहन में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण के दौरान प्रतिभा सिंह, विक्रमादित्य व मुकेश अग्निहोत्री। जागरण
HighLights
सराहन में वीरभद्र सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण हुआ।
प्रतिभा सिंह ने इसे लोगों की लंबे समय की भावना बताया।
मुकेश अग्निहोत्री ने वीरभद्र सिंह को आधुनिक हिमाचल का निर्माता कहा।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में शिमला जिले के रामपुर बुशहर के सराहन स्थित माता भीमा काली मंदिर परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस मौके पर हजारों लोग अपने नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्री रोहित ठाकुर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली चौपर से पहुंचे, जबकि पूर्व सीपीएस नीरज भारती भी अपनी पत्नी के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
लंबे समय से भावना थी : प्रतिभा सिंह
पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि सराहन वीरभद्र सिंह की जन्मस्थली है और यहां के लोगों की लंबे समय से भावना थी कि उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उन्हें याद कर सकें। इस मौके पर प्रतिभा सिंह भावुक भी हो गईं। उन्होंने कहा कि लोगों की यह भावना पूरी हुई है और यह खुशी के साथ भावुकता का अवसर भी है। प्रतिभा सिंह ने कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया। साथ ही, कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों और आम जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से समारोह की गरिमा और बढ़ी है।
वीरभद्र सबसे बड़े कद के नेता : मुकेश
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने न केवल हिमाचल प्रदेश की राजनीति पर राज किया, बल्कि लगभग पांच दशकों तक प्रदेशवासियों के दिलों में भी अपनी विशेष जगह बनाए रखी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह एक युगपुरुष, दूरदर्शी राजनेता और आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माता थे, जिनका प्रदेश के विकास में योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
उन्होंने वीरभद्र सिंह को हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े कद के नेताओं में शामिल बताते हुए कहा कि डॉ. वाईएस परमार ने हिमाचल के निर्माण में अहम भूमिका निभाई, जबकि वीरभद्र सिंह को आधुनिक हिमाचल का निर्माता यानी ‘आर्किटेक्ट ऑफ मॉडर्न हिमाचल’ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह छह बार मुख्यमंत्री रहे और उन्होंने विकास, जनकल्याण तथा गरीबों की सेवा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विक्रमादित्य ने जताया लोगों का आभार
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और समारोह में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण उनके परिवार और क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने दूर-दराज के क्षेत्रों से अपने नेता को सम्मान देने पहुंचे लोगों का दिल की गहराइयों से धन्यवाद किया।
कांसे से बनी आठ फीट ऊंची प्रतिमा
रामपुर के सराहन में माता भीमाकाली के प्रांगण में बनी वीरभद्र सिंह की प्रतिमा 8 फीट ऊंची है। शिमला जिला में यह उनकी चौथी प्रतिमा है। इससे पहले कुमारसैन के सैंज, शिमला के रिज मैदान और रोहड़ू में उनकी प्रतिमा का निर्माण हो चुका है। इस प्रतिमा को रामपुर प्रतिमा के निर्माण पर 13 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन से प्रतिमा का निर्माण करवाया गया है।
सराहन पहुंचे कांग्रेस के दिग्गज नेता
पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस प्रतिभा सिंह, विधायक कुलदीप सिंह राठौर, विधायक किशोरी लाल, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी विदित चौहान, हिमफैड चेयरमैन महेश्वर चौहान, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व सीपीएस नीरज भारती, पूर्व यूथ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोनिका भारती, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, जैनब चंदेल, अध्यक्ष एससी डिपार्टमेंट रमेश चौहान, युवा नेता विकास कल्टा, निदेशक पर्यटन निगम यशपाल सोनी, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र रेटका, जिला परिषद सदस्य रौनी राणा, जिला परिषद सदस्य अनुराधा, निदेशक कैलाश फेडरेशन त्रिलोक भूलनी, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, महेंद्र स्तान, स्थानीय नेता बृज लाल, डॉ. अमरीन कौर सेखों, जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी हरि किशन हिमराल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, जय सिंह मेहता, संजीव सोनी, शेर सिंह, राहुल सोनी, दीपक सूद सहित कई नेता मौजूद रहे।
