नेरवा-पांवटा साहिब रूट को चंडीगढ़ तक करने की मांग
उपमंडल चौपाल के चंडीगढ़ में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों व अभिभावकों ने नेरवा-पांवटा साहिब रूट को चंडीगढ़ तक करने की मांग की है।
क्षितिज सूद, नेरवा
उपमंडल चौपाल के चंडीगढ़ में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों के अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने नेरवा वाया विकासनगर चलने वाली बस को चंडीगढ़ तक चलाने की मांग की है। इन छात्रों और उनके अभिभावकों को नेरवा से चंडीगढ़ जाने के लिए बिजमल-चंडीगढ़ ही एकमात्र बस सेवा है। इस रूट पर सैंज से यशवंतनगर तक सड़क कच्ची व बदहाल स्थिति में है, जिस वजह से इस बस को चंडीगढ़ पहुंचने में 10 घंटे से अधिक का समय लग जाता है।
इसके विपरीत नेरवा से पांवटा साहिब तक सड़क लगभग पूरी पक्की है व इस रूट से चंडीगढ़ तक अधिकतम आठ घंटे का समय ही लगता है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि परिवहन निगम के नेरवा-पांवटा साहिब रूट को चंडीगढ़ तक कर दिया जाए तो काफी सुविधा मिलेगी। इस मांग को क्षेत्र के लोग काफी समय से मांग उठा रहे हैं।
पंचायत केदी की प्रधान रीतू राठौर, पंचायत चइंजन के प्रधान हेतराम कैंथला, पूर्व प्रधान हरी राम चौहान, दिनेश चौहान, तपेंद्र नेगी, नगर पंचायत नेरवा की अध्यक्ष बबिता तंगड़ाईक, पार्षद संजय कुमार, योगेंद्र पुरटा, शूरवीर राणा, मनोनीत पार्षद अमन सूद, व्यापार मंडल नेरवा के अध्यक्ष राजीव भिख्टा, उपाध्यक्ष दिनेश अमरेट, महासचिव जगत चौहान, पंचायत गढ़ा बजाथल के उपप्रधान दिनेश घुंटा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर से मांग की है कि नेरवा-पांवटा साहिब बस को चंडीगढ़ तक चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इस बस के नेरवा-पांवटा साहिब रूट पर चलने से छात्रों सहित स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।