खुले में कूड़ा फेंकने वालों का निगम ने वीडियो किया वायरल
जागरण संवाददाता शिमला स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए देशभर में
जागरण संवाददाता, शिमला : स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए देशभर में अभियान चला है। कई संस्थाओं ने भी अपने स्तर पर जागरूकता लाने का प्रयास किया, लेकिन खुले में कूड़ा फेंकने की लोगों की आदत छूटने का नाम नहीं ले रही है। शिमला शहर के टुटू में एक महिला व व्यक्ति नाले में कूड़ा फेंकते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। शहर के एक व्यक्ति ने फोटो और वीडियो नगर निगम से साझा की है। शुक्रवार सुबह ही महिला व व्यक्ति कूड़े के दो बोरे भरकर लाते हैं। इसे खुले नाले में फेंक रहे हैं। इसके बाद दोनों आगे निकल जाते हैं।
नगर निगम शिमला ने इस फोटो और वीडियो को शहर में वायरल कर दिया है। आम लोगों से इनकी पहचान की लोगों से गुहार लगाई है। दिनभर शहरभर में यह फोटो और वीडियो वायरल होती रही। नाले में कूड़ा फेंकने वालों को जुर्माना किया जाएगा। शहर में आठ जगह लगाए हैं सीसीटीवी कैमरे
शिमला में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, जंगलों और नालों में कचरा फेंकने वालों पर नुकेल कसने के लिए शहर के आठ स्थानों पर नगर निगम ने सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। हालांकि नगर निगम ने इस स्थानों को सार्वजनिक नहीं किया है। सेनेटरी इंस्पेक्टरों ने इन जगह का चयन किया है जहां आए दिन लोग कूड़ा फेंक रहे हैं। नगर निगम के अनुसार शहर में कई लोग ऐसे हैं जो नगर निगम को कूड़ा देने के बजाय खुले में फेंक रहे हैं। इससे गंदगी फैल रही है। खुले में कूड़ा फेंकने वालों की अब खैर नहीं होगी। एक फोटो शहर में वायरल हो रहा है। निगम इनकी पहचान कर रहा है। पहचान होने के बाद जुर्माना लगाया जाएगा।
अजीत भारद्वाज, संयुक्त आयुक्त नगर निगम शिमला।