हिमाचल: वीबी-जी राम जी योजना में 47 नए कार्य शामिल, ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा
ग्रामीण विकास मंत्रालय ने वीबी-जी राम जी योजना में 47 नए कार्य जोड़कर कुल संख्या 375 कर दी है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
ग्रामीण विकास मंत्रालय ने वीबी-जी राम जी योजना में 47 नए कार्य जोड़े
ग्रामीण अवसंरचना, आपदा प्रबंधन और आजीविका के अवसर सुदृढ़ होंगे
गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियां और रोजगार के नए अवसर बनेंगे
राज्य ब्यूरो, शिमला।ग्रामीण विकास मंत्रालय ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत कार्यों की सूची में विस्तार करते हुए इनकी संख्या 328 से बढ़ाकर 375 कर दी है। इस संशोधन में 47 नए कार्य जोड़े गए हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण अवसंरचना, आपदा प्रबंधन और आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करना है।
इस कदम से गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे। गांवों में परिवहन की सुविधा के लिए ग्रामीण बस स्टैंड, पार्किंग शेड, दिव्यांगजनों के लिए सीढ़ियां व रैंप, और ढलान वाली सड़कों के किनारे गार्ड रेल लगाने जैसे कार्य नए जोड़े गए हैं। निष्प्रयोज्य बोरवेल के लिए निस्पंदन कक्ष और प्राकृतिक आपदाओं के बाद पारिस्थितिक पुनरुद्धार के लिए मियावाकी रोपण को बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए मिनी आटा चक्की, हथकरघा, बांस शिल्प जैसी प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण शामिल किया गया है।
पर्यावरण-अनुकूल पहल के तहत हाट प्रेस जैव-अपघटनीय प्रसंस्करण इकाई का निर्माण भी सूची में जोड़ा गया है। आपदा न्यूनीकरण के तहत गांवों में बाढ़ सुरक्षा दीवार, मिट्टी/पत्थर/गेबियन/आरसीसी रिटेनिंग वाल का निर्माण और मरम्मत, समतल एवं उच्च भूमि बेंच सोपान तथा स्थिरीकरण तालाबों का निर्माण शामिल है।
