बर्फबारी : शिमला में 200 सड़कें बंद होने से 350 रूट प्रभावित, आज भी तेवर दिखाएगा मौसम
two hunderds road block, बर्फबारी से 200 से अधिक सड़कें बंद पड़ी हैं, इसमें हिमाचल पथ परिवहन निगम सहित निजी बसों के 350 रूट प्रभावित हुए हैं
जेएनएन, शिमला। राजधानी शिमला में बर्फ के आगे व्यवस्थाएं पिघलती दिखी। तमाम प्रबंध बर्फ के आगे ढेर होते गए। भारी बर्फबारी से कुछ दिन पहले पटरी पर लौटा जनजीवन एक बार फिर पटरी से उतर गया। शिमला शहर में भी शुक्रवार को यातायात व्यवस्था सहित सभी आपात सेवाएं भी दोपहर बाद तक बाधित रही। इस कारण लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
जिला में 200 से अधिक सड़कें बंद पड़ी हैं, इसमें हिमाचल पथ परिवहन निगम सहित निजी बसों के 350 रूट प्रभावित हुए हैं। इस कारण लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति करना मुश्किल हो गया है। ऊपरी शिमला का संपर्क देश दुनिया से पूरी तरह कटा हुआ है। ठियोग कुफरी नारकंडा के लिए कोई भी बस या गाड़ी नहीं जा रही है। राजधानी शिमला में शुक्रवार को मार्ग बंद होने से दूध, ब्रेड, समाचार पत्र और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की सप्लाई नहीं हो पाई।
आगे भी मौसम दिखाएगा कड़े तेवर
मौसम विभाग की माने तो जिला शिमला में शनिवार को भी मौसम के तेवर कड़े रहेंगे। इस दौरान जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है वहीं निचले क्षेत्रों में व्यापक बारिश होगी।
पर्यटन स्थल कुफरी में फंसे सैलानी
राजधानी शिमला के साथ लगते पर्यटन स्थल कुफरी में घूमने आए सैंकड़ों पर्यटक बर्फबारी के कारण वहीं फंस गए हैं। जिन लोगों का शुक्रवार को वापसी का कार्यक्रम था, उन्हें मार्ग बहाल न होने के कारण अपना यह कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।