Move to Jagran APP

Coronavirus: हिमाचल में पर्यटकों के आने पर रोक, सीमाओंं को सील कर बढ़ी चौकसी

Coronavirus हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों के अाने पर रोक लगा दी गयी है जिसके चलते राज्यों से लगती सीमाओं पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है।

By Babita kashyapEdited By: Published: Fri, 20 Mar 2020 08:39 AM (IST)Updated: Fri, 20 Mar 2020 08:39 AM (IST)
Coronavirus: हिमाचल में पर्यटकों के आने पर रोक, सीमाओंं को सील कर बढ़ी चौकसी
Coronavirus: हिमाचल में पर्यटकों के आने पर रोक, सीमाओंं को सील कर बढ़ी चौकसी

शिमला, राज्य ब्यूरो। कोरोना वायरस के खतरे से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों के आने पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी किए हैं।पंजाब में कोरोना वायरस से मौत के बाद हिमाचल में 19 मार्च को दोपहर बाद चार बजे से देश-विदेश के पर्यटकों के आने पर रोक लगा दी गई है।

loksabha election banner

प्रदेश की अन्य राज्यों के साथ लगती सीमाओं को सील कर चौकसी बढ़ा दी गई है। अन्य राज्यों से प्रदेश में आने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में यात्रियों को दस्तावेज जांचने के बाद ही बैठाया जाएगा। बस का परिचालक उनके नाम व पते रजिस्टर में दर्ज करेगा। सिर्फ हिमाचल के निवासियों को ही एचआरटीसी की बसों से प्रदेश में आने की अनुमति होगी। उन्हें भी स्थायी पते के दस्तावेज दिखाने होंगे। 

अन्य राज्यों से नहीं आ सकेंगी लग्जरी बसें

हिमाचल सरकार ने अन्य राज्यों से प्रदेश में आने वाली सभी लग्जरी बसों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। एचआरटीसी की लग्जरी बसें प्रदेश से बाहर चलती रहेंगी।

हिमाचल से बाहर जाने वाली 41 बसें बंद

एचआरटीसी ने राज्य से बाहर जाने वाली अपनी लग्जरी व सामान्य 41 बसें बंद कर दी हैं। एचआरटीसी की 572 सामान्य बसें रोजाना प्रदेश से बाहर विभिन्न स्थानों के लिए चलती रहेंगी। प्रदेश के कई लोग अन्य राज्यों में सेवाएं दे रहे हैं। इसलिए बसों की आवाजाही को अभी बंद नहीं किया गया है।

दस्तावेज दिखाकर वाहन ला सकेंगे हिमाचली

हिमाचल का कोई निवासी यदि बस या अपने वाहन से प्रदेश से बाहर जाना या आना चाहे तो उस पर रोक नहीं होगी। हिमाचल के कई लोगों ने अन्य राज्यों में वाहन पंजीकृत करवाए हैं। ऐसे लोग यदि प्रदेश से बाहर हैं तो उनके दस्तावेज जांचने के बाद ही उन्हें प्रदेश में वाहन सहित आने की अनुमति दी जाएगी।

रैन बसेरा व शेल्टर होम में बनेंगे आइसोलेशन वार्ड

शहरी विकास विभाग ने नगर निगमों, नगर परिषदों व शहरी निकायों को 12 सूत्रीय निर्देश जारी कर इनकी हर दिन रिपोर्ट मांगी है। रैन बसेरा और शेल्टर होम को आइसोलेशन वार्ड के लिए तैयार करने के आदेश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों को दिन में तीन बार सैनिटाइज करने, शहर की नालियों, गलियों, सड़कों, पार्किंग स्थलों व सार्वजनिक शौचालयों को हर घंटे बाद संक्रमणमुक्त करने और अवैध रेहड़ी-फड़ी वालों को सड़कों से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। 

प्रदेश में पर्यटकों के प्रवेश पर पाबंदी अगले आदेश तक जारी रहेगी। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के साथ राज्य की सीमाओं को सील किया गया है। प्रदेश में सभी स्कूलों को 31 मार्च तक बंद करने के अलावा मेलों, उत्सवों, खेल प्रतियोगिताओं पर प्रतिबंध है। लोग विवाह व अन्य समारोहों में भीड़ एकत्र होने से रोकें। 

-जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश

टाल दिए जाएं ऑपरेशन

स्वास्थ विभाग ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि बाद में किए जा सकने वाले ऑपरेशन टाल दिए जाएं। गंभीर रोगों से जूझ रहे लोगों को 30 दिन की दवाएं लिखें। अस्पतालों में दाखिल मरीजों के साथ केवल एक ही तीमारदार रहे। संभव हो तो तीमारदारों के लिए वार्ड आधार पर ऑड ईवन फॉर्मूला लागू किया जाए।

पहले दिन एक, तीन, पांच व अन्य  संख्या वाले बिस्तरों पर दाखिल मरीजों के तीमारदारों के आने दिया जाए। दूसरे दिन दो, चार, छह व अन्य संख्या वाले बिस्तरों पर दाखिल मरीजों के तीमारदारों को आने की अनुमति हो। जिला व मेडिकल कॉलेजों के लिए केवल गंभीर मरीज ही रेफर किए जाएं। 

दो अप्रैल तक अस्पताल न आएं

विभाग ने गंभीर बीमारी न होने पर या नियमित जांच के लिए दो अप्रैल तक अस्पताल न आने के निर्देश जारी किए हैं। सामान्य बीमारी के लिए अस्पतालों में दिखा सकते हैं।

370 लोग निगरानी में

कोरोना प्रभावित देशों से हिमाचल आए 746 लोगों में से 370 लोगों को 28 दिन के लिए आइसोलेशन में रखा गया है। इनमें से 10 लोगों में बुखार, खांसी व सांस लेने में तकलीफ के लक्षण पाए गए। सभी सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं।  

50 फीसद कर्मियों को बुलाने का फैसला संभव

हिमाचल में भी कार्यालयों  में एक दिन 50 फीसद और दूसरे दिन शेष कर्मी ड्यूटी पर आने की व्यवस्था की जा सकती है। यह आदेश आवश्यक सेवाओं वाले विभागों पर लागू नहीं होगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.