पंजाब में ट्रेन सेवाएं बहाल, शिमला में पर्यटन कारोबार को लगेंगे पंख
जागरण संवाददाता शिमला पंजाब में कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का ट्रेन रोको प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, शिमला : पंजाब में कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का ट्रेन रोको प्रदर्शन खत्म होने के बाद रेल सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। पंजाब में रेल सेवा बहाल होने से हिमाचल में भी पर्यटन को पंख लगने की उम्मीद है। रेल सेवाएं बाधित होने से शताब्दी एक्सप्रेस बंद हो गई थी। दिल्ली से कालका के बीच चलने वाली इस ट्रेन में हिमाचल आने वाली ट्रेनों का संपर्क रहता है।
सर्दियों में काफी पर्यटक शिमला आने के लिए शताब्दी से कालका आते हैं। पर्यटन व्यवसायियों की मानें तो जितनी जल्दी ट्रेन सेवाएं शुरू होंगी पर्यटन व्यवसाय गति पकड़ेगा। हेरिटेज रेलवे ट्रैक कालका शिमला रेलवे ट्रैक पर छह ट्रेन चलती हैं। कोरोना काल में एकमात्र हॉलीडे स्पेशल ट्रेन ही चल रही है। इसमें 50 फीसद ही ऑक्यूपेंसी है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि शताब्दी एक्सप्रेस दोबारा से शुरू होगी तो इसका फायदा हिमाचल को मिलेगा। 60 डिब्बों वाली शताब्दी एक्सप्रैस कालका तक आती है। बर्फ के दीदार के लिए पहुंचते हैं लाखों पर्यटक
नवंबर से लेकर मार्च महीने तक विटर सीजन में लाखों पर्यटक शिमला घूमने आते हैं। सबसे ज्यादा पर्यटक दिसंबर और जनवरी महीने में बर्फ के दीदार के लिए शिमला आते हैं। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2019 में 30 लाख 30 हजार 246 भारतीय पर्यटक और एक लाख 26 हजार आठ विदेशी पर्यटक हिमाचल घूमने आए थे। नवंबर में 124246 भारतीय व 9639 विदेशी और दिसंबर में 188421 भारतीय और 10564 विदेशी पर्यटकों ने शिमला का रुख किया था। अभी तक नई ट्रेनें चलाने को लेकर कोई आदेश नहीं आए हैं। यदि शताब्दी शुरू होती है तो निश्चित तौर पर शिमला आने वाली ट्रेनों में ऑक्यूपेंसी बढ़ेगी।
अमर सिंह ठाकुर, चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर शिमला रेलवे। शिमला के लिए सभी ट्रेनों को बहाल करने की मांग काफी समय से की जा रही है। अन्य राज्यों से पर्यटक ट्रेन में शिमला आना पसंद करते हैं। शताब्दी शुरू होती है तो निश्चित तौर पर शिमला में पर्यटक सीजन रफ्तार पकड़ेगा।
महेंद्र सेठ, अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश होटलियर एसोसिएशन।