वीकेंड पर घटे सैलानी, नियमों की कर रहे अनदेखी
कोरोना बंदिशों के बाद शनिवार को वीकेंड पर इस बार कम ही सैलानी दिखे। वहीं कई पर्यटकों नियमों की भी जमकर अनदेखी कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, शिमला : कोरोना बंदिशों के बाद शनिवार को वीकेंड पर इस बार कम ही सैलानी दिखे। हैरानी की बात है कि कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बावजूद सैलानी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे शहर में संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है।
शनिवार को रिज व मालरोड पर सैलानियों की कम संख्या दिखी, लेकिन नियमों की खुली अनदेखी हुई। स्थानीय लोगों ने जब मास्क लगाने को बोला तो वे उनसे ही उलझने लग पड़े। पुलिस को देखते भी सैलानी मुंह छिपा रहे हैं। वहीं लोअर बाजार में शनिवार को छुट्टी के दिन भी लोग खरीदारी के लिए काफी संख्या में पहुंचे। यहां पर मास्क लगाना तो दूर, लोग शारीरिक दूरी के नियम का पालन तक नहीं कर रहे थे। यहां पर भी संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। अधिकतर लोगों ने मास्क पहने थे, लेकिन शारीरिक दूरी का ध्यान नहीं रखा। लोअर बाजार में नहीं पुलिस का पहरा
शहर में प्रशासन से लेकर पुलिस ने नियमों के पालन के लिए सख्ती बढ़ा दी है, लेकिन लोग इसे मानने के लिए तैयार नहीं हैं। कोरोना नियमों का लोग कहीं तो पालन कर रहे हैं, लेकिन कहीं सीधे तौर पर ही इसकी अनदेखी हो रही है। रिज मैदान पर तो पुलिस लोगों को मास्क पहनने के लिए बोल रही है, लेकिन लोअर बाजार में पुलिस का कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं है। यहां पर कारोबारी व लोग मास्क पहनने से गुरेज कर रहे हैं। नियम न मानने वाले पर्यटकों के पुलिस ने किए चालान
शुक्रवार को शिमला जिले में कोरोना संक्रमण के 354 मामले सामने आए थे। इसके कारण संक्रमण का खतरा और ज्यादा हो गया है। शनिवार को रिज मैदान से लेकर मालरोड पर पर्यटकों की भीड़ अन्य वीकेंड के मुकाबले कम रही। बाहरी राज्यों से लोग यहां घूमने पहुंचे थे। इस दौरान नियमों का पालन न करने वाले पर्यटकों के पुलिस ने चालान भी किए।