रामपुर में कारों पर गिरा पहाड़ी का मलबा
वर्षा का मौसम थमने के बाद अब पहाड़ियों के खिसकने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार इंदिरा मार्किट के पास ही सफेद ढांक में पहाड़ी दरकने से यातायात तीन घंटे तक बंद रहा और शनिवार को समीप में ही पहाड़ी के गिरने से तीन कारें चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुई हैं।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : क्षेत्र में पहाड़ियों के खिसकने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को इंदिरा मार्केट के पास ही सफेद ढांक में पहाड़ी दरकने से यातायात तीन घंटे तक बंद रहा तो शनिवार को इस जगह से थोड़ी दूर पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में तीन कारें आकर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे वाहनों को भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा रामपुर में वाहनों को पहाड़ी की ओर खड़े किए जाने के आदेश दिए गए हैं। कसर पहाड़ी से भूस्खलन के कारण वाहनों को नुकसान हो रहा है। ऐसे में लगातार हो रहे भू-स्खलन के बाद अब पहाड़ी की ओर खड़े किए जा रहे वाहन सुरक्षित नहीं है, जिससे लोगों में भी काफी नाराजगी है। इंदिरा मार्केट के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे जब इस स्थान पर भूस्खलन हुआ तो उस समय भी यहां पर कई वाहन खड़े किए गए थे। अचानक आए मलबे के कारण तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं जबकि दो वाहनों को थोड़ा नुकसान हुआ है। लोगों का कहना है कि यहां अभी भी पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का सिलसिला लगा हुआ है। यदि पत्थर गिरने और भूस्खलन का दौर यूं ही जारी रहा तो आने वाले समय में इससे भारी नुकसान भी हो सकता है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से वाहनों को कहीं और खड़े करने के लिए जगह की मांग की है।