सैहब सोसायटी के तीन कर्मचारी संक्रमित
जागरण संवाददाता शिमला शहर में कोरोना संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब
जागरण संवाददाता, शिमला : शहर में कोरोना संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब सैहब सोसायटी के तीन कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से दो को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि एक का उपचार घर में ही चल रहा है। कुछ ही दिन पहले सैहब सोसायटी के एक कर्मचारी की मौत कोरोना से हो गई थी। अब तीन कर्मचारियों के संक्रमित होने से शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। पहले ही बैनमोर वार्ड में कर्मचारी की मौत हो चुकी है। इसी तरह से अब पटयोग, खलीणी व टुटीकंडी वार्ड में भी सैहब कर्मचारियों के संक्रमित होने के कारण काम प्रभावित होता दिख रहा है। इसी तरह से सैहब के घरों से कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों की संख्या बढ़ती रही तो आने वाले समय में घरों से कूड़ा उठाने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में शहरवासियो से लेकर नगर निगम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। शहर में 700 सैहब कर्मचारी हैं।
शहर में 30 हजार से ज्यादा घरों से सैहब सोसायटी के कर्मचारी कूड़ा उठाते हैं। शहर में लोगों को बाहर कूड़ा फेंकने के लिए डंपर तक नहीं हैं। हालांकि घर से कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों को संक्रमण से बचाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पीपीई किट दे दी हैं। अब इन्हें घर से कूड़ा उठाने के लिए इसे पहनना होगा। इससे कर्मचारियों को संक्रमण से बचाया जा सकेगा। नगर निगम के कर्मचारियों के साथ इन्हें भी वैक्सीन पहले ही लग चुकी है।
सैहब सोसायटी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष जसवंत ने कहा कि कर्मचारी पूरी एहतियात के साथ काम कर रहे हैं। वहीं नगर निगम के आयुक्त आशीष कोहली ने कहा कि कर्मचारियों को संक्रमण से बचाने के लिए पीपीई किट से लेकर अन्य सामान दे दिया है।