रिज पर हजारों सुहागिनें खोलेंगी करवाचौथ का व्रत
राजधानी शिमला के रिज मैदान पर रविवार को करवाचौथ पर एक साथ हजारों महिलाएं करवाचौथ का व्रत खोलेंगी।
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला के रिज मैदान पर रविवार को करवाचौथ पर एक साथ हजारों सुहागिनें व्रत को खोलेंगी। चांद के दीदार के लिए यहां हजारों जोड़े सज-धज कर पहुंचेंगे। स्थानीय महिलाएं ही नहीं, शिमला पहुंचे सैलानी भी यहीं आकर व्रत खोलते हैं। वजह यह भी है कि शिमला में सबसे पहले चांद रिज मैदान पर ही दिखता है। ऐसे में हर वर्ष करवाचौथ की शाम को शिमला का रिज मैदान प्रेम और आस्था के इस पर्व के लिए सजता है। इस साल भी करवाचौथ पर विशेष तैयारी की गई है। व्रत तोड़ने के बाद शिमला के मालरोड पर रेस्तरां में डिनर के लिए खास व्यवस्था की जा रही है। करवाचौथ के लिए जमकर खरीदारी
करवाचौथ के त्योहार की खरीदारी के लिए राजधानी शिमला के लोअर बाजार में शनिवार को काफी भीड़ उमड़ी। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोगों को चलने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। इस दौरान महिलाओं के साथ ही दुकानदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। ज्वेलरी, मनियारी, पूजा सामान, कपड़े और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भीड़ दिखी। राम बाजार, लोअर बाजार और मिडल बाजार में भीड़ ज्यादा होने के कारण शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं हो सका। हालांकि लोगों ने मास्क पहने हुए थे। प्रशासन की भी बाजार में सख्ती नहीं दिखी। लोगों ने खरीदे मिट्टी के करवे, मिठाई
करवाचौथ पूजन के लिए खास माने जाने वाले मिट्टी के करवे, मिठाई की दुकानों में फैनियां सजाई गई हैं। खास बात है कि इस बार दुकानदारों ने कोरोना संक्रमण का ख्याल रखते हुए महिलाओं की खरीदारी के सामान पैकेट बनाकर रखे हैं। इससे समय की बचत होने के साथ ही संक्रमण का खतरा भी कम होगा। एक दिन पहले महिलाओं के लिए विशेष छूट
करवाचौथ के लिए ज्वेलरी पर छूट भी दी जा रही है। हार, नेकलेस, झुमके, कंगन और अंगूठी की मांग इस बार ज्यादा है। गहनों पर मेकिग चार्ज और डायमंड ज्वेलरी पर महिलाओं को लुभाने के लिए करवाचौथे के एक दिन पहले विशेष छूट दी गई। हर गहने पर छूट अलग-अलग है।