Weather Alert: 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अा सकता है तूफान, अलर्ट जारी
weather alert in Himachal हिमाचल में 17 अप्रैल को 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है इस संबंध में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल में 17 अप्रैल को 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की आशंका है। इस दौरान प्रदेशभर में बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है। इस संबंध में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम के बदले तेवर देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रदेश में मंगलवार को शिमला, बिलासपुर, सोलन सहित कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावाट आई है। सोमवार को शिमला का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस था जो मंगलवार को 15.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, ऊना, सोलन व नाहन में भी अधिकतम तापमान में सोमवार के मुकाबले कमी आई।
किसान व बागवान चिंतित
मौसम के बिगड़े मिजाज के कारण किसानों व बागवानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें नजर आ रही हैं। इन दिनों मैदानी इलाकों में कई जगह गेहूं की फसल पक चुकी है और कटाई शुरू होने वाली है। तेज हवा, बारिश व ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। यही हाल बागवानों का भी है। सेब की फसल
को भी ओलावृष्टि व बारिश से नुकसान की आशंका है। बारिश के कारण प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। लेकिन ऊपरी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है जिससे फसलें प्रभावित होंगी। इन दिनों मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्टोन फ्रूट में र्सेंटग हो चुकी है। सेब के बगीचों में फ्लावरिंग हो रही है। ओलावृष्टि से स्टोन फ्रूट को नुकसान हो सकता है। कृषि व बागवानी विभाग के अनुसार मंगलवार को हुई बारिश से सिर्फ सिरमौर के एक क्षेत्र में गेहूं की फसल को कुछ नुकसान पहुंचा है।
ऊना में 36 डिग्री पहुंचा पारा
प्रदेश में सोमवार को अधिकतम तापमान ऊना में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी बढ़ने से दिन के समय लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हालांकि प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में सुबह व शाम अभी ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी हवा मंगलवार सुबह से असर दिखाना शुरू कर देगी। प्रदेश के कई क्षेत्रों में 18 अप्रैल को बारिश हो सकती है। वहीं, 19 अप्रैल से मौसम साफ होने की संभावना है।
लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने राज्य आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र लिखा कि सभी जिलों में सावधानी बरतने के लिए कहा जाए। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को ऊंचे क्षेत्रों में जाने पर प्रतिबंध लगाया जाए। आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रहने के आदेश जारी करें। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों में सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।