'नए जिले बनाने की हिमाचल सरकार की मंशा अच्छी', विनय कुमार बोले- कांगड़ा- मंडी जिलों में विकास के लिए पुनर्गठन जरूरी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने नए जिले बनाने की सरकार की पहल को सराहा है। उन्होंने कहा कि ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष विनय कुमार। फाइल फोटो
HighLights
नए जिले बनाने की मांग पर आयोग गठित।
बड़े जिलों में विकास गति तेज होगी।
भाजपा के विरोध को विनय कुमार ने नकारा।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि नए जिले बनाने की मांग पिछले काफी समय से उठ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके लिए आयोग का गठन किया है। यह सरकार की अच्छी पहल है। आयोग अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
रिपोर्ट के आधार पर ही सरकार जिले बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी। शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा अच्छी है। कांगड़ा, मंडी और शिमला जैसे बड़े जिलों में विकास की गति तेज करने के लिए पुनर्गठन जरूरी है।
भाजपा ने दिए थे ये नारे
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के बयानों पर पलटवार करते हुए विनय कुमार ने कहा कि भाजपा का रवैया हमेशा हिमाचल की उन्नति के विपरीत रहा है। ''स्टेटहुड को मारो ठुड'' जैसे नारे भाजपा ने ही दिए थे।
विकास कार्यों को रोकने के लिए इस तरह की बातें करना भाजपा की राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा को प्रदेश के विकास के लिए हो रहे कार्यों का खुले मन से स्वागत करना चाहिए।
