Move to Jagran APP

कुफरी, नारकंडा में बर्फबारी, शिमला में गिरे फाहे

शिमला में बुधवार रात हुई बर्फबारी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।

By JagranEdited By: Published: Thu, 26 Nov 2020 07:39 PM (IST)Updated: Thu, 26 Nov 2020 07:39 PM (IST)
कुफरी, नारकंडा में बर्फबारी, शिमला में गिरे फाहे
कुफरी, नारकंडा में बर्फबारी, शिमला में गिरे फाहे

जागरण संवाददाता, शिमला : शिमला में बुधवार रात हुई बर्फबारी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। जिला के ऊपरी क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई संपर्क सड़कें बाधित हो गई हैं। बिजली व्यवस्था भी ठप हो गई है। जिला शिमला का दूरदराज क्षेत्र डोडरा क्वार शेष विश्व से कट गया है। यहां सभी संपर्क सड़कें व राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया है। हालांकि प्रशासन ने सात जेसीबी, तीन बुल्डोजर बर्फ हटाने के लिए लगाए थे लेकिन खराब मौसम और रुक-रुक कर बर्फबारी होने से मार्ग बहाल नहीं हो पाए। डोडरा क्वार में 20 ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। इस कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। रोहडू में 20 संपर्क सड़कें भारी बर्फबारी के कारण बंद हैं। 547 ट्रांसफार्मर भी बंद हैं। इससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा हुआ है। चौपाल में सुबह 12 संपर्क सड़कें बंद थीं। दोपहर तीन बजे तक 10 संपर्क सड़कों को बहाल कर दिया था और देर शाम तक दो सड़कों को बहाल करने का कार्य किया जा रहा था। चीनी बंगला मार्ग दोपहर एक बजे तक खोला गया। इस कारण अन्य राज्यों से आए पर्यटक चीनी बंगला दोपहर बाद पहुंच सके।

loksabha election banner

ऊपरी शिमला में नहीं चली बसें

बुधवार रात हुई बर्फबारी के कारण ऊपरी शिमला से बसें नहीं चली। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर एक बजे के बाद अधिकांश बसें शिमला पहुंच पाईं। जिला में बुधवार रात करीब 11 बजे तेज हवा चलने लगी। इससे बोर्ड व होर्डिंग उखड़ गए। बारिश के कारण जिले के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। तापमान में गिरावट के कारण पानी भी जम रहा है। इससे सड़क पर फिसलन बनी हुई है और यातायात बाधित हो रहा है।

बर्फ देखकर झूमे पर्यटक

सुबह कुफरी व नारकंडा में बर्फ देखकर पर्यटक झूम उठे। जाखू में भी बर्फबारी हुई लेकिन अधिक समय के लिए टिक नहीं पाई। इस कारण पर्यटकों ने सुबह कुफरी का रुख किया। मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि शुक्रवार को मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। जिला में ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

बर्फबारी से राष्ट्रीय राजमार्ग पांच पर बढ़ी फिसलन

संवाद सूत्र, कुमारसैन : दो दिन से मौसम में आए बदलाव से ठंड बढ़ गई है। बुधवार को हाटू पीक में इस सीजन का दूसरा हिमपात हुआ है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है। देरठू पीक, तानु जुब्बड़, बारूबाग में भी बर्फबारी हुई। धोमड़ी स्की स्लोप में करीब आठ इंच बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पांच पर फिसलन बढ़ गई है। कुमारसैन, कोटगढ़, छबीशी सांगरी में बारिश हुई।

लोक निर्माण विभाग उपमंडल नारकंडा के सहायक अभियंता बीके गोयल ने कहा कि सुबह से बर्फ हटाने के लिए सड़क पर दो डोजर, एक जेसीबी लगाई है। एनएच पांच को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। फिसलन वाले स्थान व सड़क पर रेत और मिट्टी डाली गई है।

चूड़धार में हिमपात

जागरण संवाददाता, नाहन : जिला सिरमौर में सीजन का तीसरा हिमपात हुआ। पर्यटन स्थल चूड़धार व इसके आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। बर्फबारी के बीच चूड़धार में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। चूड़धार का अधिकतम तापमान तीन डिग्री व न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौहराधार, गताधार पनोग व चाड़ना में भी तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

किन्नौर के किसान व बागवान खुश

संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ : जिला किन्नौर के ऊंचाई व मध्यम क्षेत्रों में हिमपात जारी है और निचले क्षेत्रों में रुक-रुक बारिश हो रही है। इससे किसान व बागवान खुश हैं। रिकांगपिओ में दुकानदार आग जलाकर ठंड से राहत पा रहे हैं। किसान मोर्चा अध्यक्ष बलकार सिंह नेगी ने कहा कि बर्फबारी होने से अच्छी फसल होने की संभावना है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.