ईसी और कोर्ट सदस्य चुनाव के लिए जंग तेज
जागरण संवाददाता शिमला हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में कार्यकारी परिषद (ईसी) और वि
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में कार्यकारी परिषद (ईसी) और विश्वविद्यालय कोर्ट सदस्य के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है। रविवार को छुट्टी के दिन प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार किया। वाट्सएप के माध्यम से कर्मचारियों से वोट और समर्थन की अपील की गई। वहीं फेसबुक के माध्यम से भी अपने चुनावी मुद्दे बताए। सोमवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ हर ब्रांच में जाकर वोट मांगेंगे। मंगलवार सुबह 11 से चार बजे तक मतदान होगा। गैर शिक्षक कर्मचारी अपना सदस्य चुनेंगे। कर्मचारियों को लुभावने के लिए उम्मीदवार उनकी हर मांग पूरा करवाने का आश्वासन दे रहे हैं। ईसी सदस्य के लिए तिकोना, कोर्ट सदस्य पर दोहरा मुकाबला
ईसी सदस्य के लिए जहां मुकाबला तिकोना होगा, वहीं कोर्ट सदस्य के लिए दो उम्मीदवारों के बीच सीधी टक्कर है। इसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी बिपन कुमार हैं। जबकि कांग्रेस और माकपा समर्थित प्रत्याशी राजकुमारी चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा आजाद प्रत्याशी के तौर पर अजय भारद्वाज भी चुनावी मैदान में हैं। कोर्ट सदस्य के लिए भाजपा समर्थित बुद्धिराम और कांग्रेस-माकपा समर्थित रामलाल चुनावी मैदान में हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में चुनावी प्रक्रिया होगी। इसमें 800 वोटर मतदान करेंगे। मंगलवार सुबह 11 से चार बजे तक मतदान होगा। भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के यह हैं मुद्दे
- सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के खाली पदों को सीधी भर्ती व पदोन्नति के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर भरवाना।
-भर्ती एवं पदोन्नति नियम से वंचित श्रेणियों के लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियम बनवाना।
-सहायक कुलसचिव की वेतन विसंगतियों के लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियमों का शीघ्र समाधान करवाना।
- 4-9-14 के लाभ से वंचित सभी श्रेणियों के पात्र कर्मचारियों को शीघ्र लाभ प्रदान करवाना।
- विश्वविद्यालय में नए पदों को सृजित करवाना।
-सभी पात्र चतुर्थ श्रेणी एवं तकनीकी कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी में प्राथमिकता के आधार पर पदोन्नत करवाना।
-सचिवालय वेतन से वंचित कर्मचारियों को सचिवालय भत्ता एवं सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की पेंशन अदायगी में सचिवालय भत्ता दिलवाना। कांग्रेस व माकपा समर्थित कर्मचारियों के यह हैं मुद्दे
- हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विभिन्न श्रेणियों के सृजित पदों के अनुरूप रिक्त पदों की भर्ती प्रकिया को पूर्ण करते हुए पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्तियां जल्द करवाना।
-सहायक कुलसचिव पद के ग्रेड पे वेतन विसंगति के मामले को जल्द दूर करवाना।
-कार्यकारिणी परिषद में लिए गए फैसलों को लागू करवाना।
- विभिन्न श्रेणियों की भर्ती एवं पदोन्नति समिति की बैठक नियमित रूप से करवाकर वरिष्ठता सूची जारी करवाना।
- चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को आवासीय सुविधा प्रदान करवाना।
- 4-9-14 के लाभ से वंचित कर्मचारियों को जल्द ही ये लाभ मुहैया करवाना।