बिंदल की टीम जल्द हो सकती हो घोषित
हिमाचल भाजपा की नई राज्य स्तरीय टीम का गठन जल्द ही हो सकता है। दिल्ली चुनावों में व्यस्तता के बावजूद टीम का पूरा खाका तैयार कर दिया है। इस पर पार्टी हाईकमान की मुहर लगनी है। इसके बाद नई टीम काम करना शुरू कर देगी। टीम के गठन में भाजपा के नए अध्यक्ष डा. राजीव बिदल को क्षेत्रीय के साथ बड़े नेताओं के बीच में सामजस्य बनाना चुनौती होगा
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल भाजपा की नई राज्यस्तरीय टीम का गठन जल्द हो सकता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में व्यस्तता के बावजूद टीम का पूरा खाका तैयार कर दिया है। इस पर हाईकमान की मुहर लगने की देर है।
टीम के गठन में भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को क्षेत्रीय के साथ बड़े नेताओं के बीच में सामजस्य बनाना चुनौती होगा, लेकिन लंबे संगठन के अनुभव के दम पर कार्यकारिणी की सूची तैयार कर ली है। किसे स्थान मिलता है या कौन सा बड़ा नेता अपने नजदीकी नेताओं को राज्य कार्यकारिणी में स्थान दिला पाता है इस पर सभी की नजरें हैं।
हिमाचल भाजपा के नेता दिल्ली के चुनाव में व्यस्त हैं, हाईकमान भी दिल्ली में है। ऐसे में राज्य की नई कार्यकारिणी का खाका तैयार कर किसी भी समय हाईकमान से मंजूर करवाने की तैयारी है। इसमें तर्क दिया जा रहा है कि शिमला आने के बाद दोबारा से दिल्ली जाने से बचने के लिए पहले ही मंजूरी लेने की तैयारी चल रही है।
----------
चार दिग्गजों के बीच बनाना होगा समन्वय
राज्य में चार संसदीय क्षेत्र हैं। इनमें से नेताओं को कार्यकारिणी में स्थान दिया जाना है। इसी तरह से राज्य के चार बड़े नेताओं के बीच समन्वय बनाना भी चुनौती होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल से ही हैं, उनकी नजदीकी लोगों को भी राज्य कार्यकारिणी में आने की पूरी उम्मीद बंधी है। इसी तरह से राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के नजदीकी नेताओं को टीम में स्थान देना है। वहीं सरकार से समन्वय बेहतर रहे, इसके लिए सीएम की पसंद के लोग भी कार्यकारिणी में आने हैं। इस तरह से नई कार्यकारिणी बनाना चुनौती भले ही है, लेकिन इस तरह से ही सभी को साथ लेकर चलने में सफलता मिल सकती है।