पुरानी पेंशन योजना की जाए बहाल
संवाद सूत्र, कुमारसैन : हिमाचल शिक्षक महासंघ का 32वां स्थापना दिवस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ना
संवाद सूत्र, कुमारसैन : हिमाचल शिक्षक महासंघ का 32वां स्थापना दिवस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नारकंडा में मनाया गया। इसकी अध्यक्षता हिमाचल शिक्षक महासंघ के प्रधान डॉ. प्रेम शर्मा ने की। हिमाचल शिक्षक महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं मुख्य संरक्षक डॉ. यशवंत सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रधानाचार्य कृष्ण शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रो. यशवंत सिंह राणा, डॉ. प्रेम शर्मा व प्रधानाचार्य कृष्ण शर्मा ने छात्रहित, शिक्षाहित, शिक्षक हित व राष्ट्रहित विषय पर विचार व्यक्त किए। बैठक में 28 सूत्रीय मांग पत्र पर चर्चा की गई। इस संदर्भ में महासंघ दोबारा मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से शीघ्र मांगों से अवगत करवाएगा। महासंघ की प्रमुख मांगों में कंट्रीब्यूटरी पेंशन योजना के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना, 4-9-14 व ग्रेड पे की विसंगतियों को दूर करना आदि पर सरकार से आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में महासचिव लायक राम शर्मा, उपप्रधान सदानंद शर्मा, आयोजन सचिव विनोद मांटा, संयुक्त सचिव नरोत्तम शर्मा, प्रचार सचिव, कार्यालय सचिव महेंद्र चौहान, जिला शिमला प्रधान सुरेश ठाकुर, बिलासपुर के प्रधान सुनील दत्त शर्मा, रमेश रणौत, चुन्नी लाल शर्मा व कार्यकारिणी के सदस्यों ने भाग लिया।