छह माह में जयराम सरकार के दामन पर लगे छह दाग : सुक्खू
मुख्यमंत्री को अपनी प्रधान सचिव तक को बदलना पड़ा। भाजपा के भीतर ही सीएम को फेल करने की कोशिशें चरम पर हैं।
शिमला, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस के के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जयराम सरकार के छह माह के कार्यकाल को विफल करार दिया। सुक्खू ने कहा छह माह के शासन में जयराम सरकार के दामन पर छह बड़े दाग लगे हैं। प्रशासनिक तौर पर सरकार पूरी तरह नाकाम रही। मुख्यमंत्री को अपनी प्रधान सचिव तक को बदलना पड़ा। भाजपा के भीतर ही सीएम को फेल करने की कोशिशें चरम पर हैं। जयराम सरकार व पार्टी में स्वयं को अभी तक सीएम के तौर पर स्थापित करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। इस कारण सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
शिमला में गंभीर जलसंकट के कारण दुनिया में हिमाचल की बदनामी हुई। मीडिया ने सरकार को प्रशासनिक तौर पर फेल करार दिया गया। इस कारण शिमला का समर फेस्टिवल तक रद हुआ। हालात बेकाबू होते देख हाईकोर्ट को संज्ञान लेना पड़ा। चीफ जस्टिस पेयजल आपूर्ति को पटरी पर लाने के लिए स्वयं सड़क पर उतरे। सरकार, नगर निगम और अधिकारियों में समन्वय न होने के कारण अराजकता की स्थिति उत्पन्न हुई।
सुक्खू का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कसौली में अवैध निर्माण गिराने गई सहायक नगर नियोजन अधिकारी शैलबाला की गोलीमार कर हत्या कर दी गई। प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को हल्के में लेते हुए महिला अधिकारी को उचित सुरक्षा तक मुहैया नहीं कराई। मौके पर मौजूद पुलिस वाले भी भाग खड़े हुए। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सरकार को कड़ी फटकार लगाई। सरकार के छह माह के कार्यकाल में 100 से अधिक बड़े अपराध हुए। इसमें 65 दुष्कर्म, छेड़छाड़ और 35 हत्याएं शामिल हैं। उड़ान योजना भी सरकार की बड़ी असफलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी शुरुआत करते हुए कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर करेगा। 1900 रुपये तय की गई टिकट 19000 रुपये में मिल रही है।