बर्फबारी से रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बंद
प्रदेश में ऊचं क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है।
जागरण टीम, शिमला/मनाली : ऊपरी क्षेत्रों में शुक्रवार को बर्फबारी होने से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। दिनभर बादल छाए रहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई। वहीं कुल्लू में रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ। रोहतांग दर्रा फिलहाल वाहनों के लिए बंद हो गया है। वहीं रोहतांग दर्रे में फंसे लोगों को बीआरओ ने वीरवार रात 10 बजे रेस्क्यू किया। लाहुल-स्पीति प्रशासन ने पर्वतारोहण संस्थान की मदद से मढ़ी व कोकसर में रेस्क्यू पोस्ट स्थापित कर दी है।
प्रदेश में ऊंचे क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। लोसर सहित काजा में भी काफी बर्फ गिरी। इस कारण दो राष्ट्रीय राजमार्गो सहित लाहुल स्पीति में 24 संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने ऊपरी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहुल स्पीति के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग ने पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने के कारण शनिवार को ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले हिमाचल में बारिश की संभावना जताई है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शुक्रवार को सुबह से आसमान पर बादल छाए रहे। कल्पा में सबसे अधिक आठ डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश में तापमान का हाल
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला,9.9,16.7
सुंदरनगर,11.7,22.5
भुंतर,8.6,21.6
कल्पा,3.6,7.3
धर्मशाला,12.6,16.6
ऊना,14.0,24.2
नाहन,14.5,24.3
केलंग,0.2,5.4
सोलन,9.7,22.5