28 फरवरी से पहले किए जाएं 29 प्रोजेक्टों के टेंडर
स्मार्ट सिटी के तहत शहर को सुंदर बनाने का काम नगर निगम ने तेजी से शुरू कर दिया है।
जागरण संवाददाता, शिमला : स्मार्ट सिटी शिमला के तहत शहर को सुंदर बनाने का काम नगर निगम ने तेजी से शुरू कर दिया है। निगम के आयुक्त पंकज राय ने अधिकारियों के साथ पांच घंटे तक इसके प्रोजेक्टों पर कैसे काम किया जा सकता है पर बैठक कर पूरा खाका तैयार किया। 14 विभागों के अधिकारियों को आयुक्त ने आदेश दिए कि 28 फरवरी से पहले ही सभी प्रोजेक्टों के टेंडर शुरू होने चाहिए। इसमें 29 काम शामिल हैं। शहर में स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे काम अगले छह महीने में जमीन पर दिखाई दे सकें, इस पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
शहर में पहले चरण में बाजार में बनी निगम की दुकानों से लेकर स्टॉल को नए और आकर्षक तरीके से बनाया जाना है। इससे पहले मुख्य सचिव श्रीकांत बाल्दी ने स्मार्ट सिटी की बीओडी में साफ कर दिया था कि जल्द ही इसके काम शहर में होते दिखने चाहिए। इसलिए कब तक टेंडर करने हैं, कब से काम शुरू होने हैं, इन सभी प्रोजेक्टों पर काम समयबद्ध तरीके से करने की जरूरत है। बैठक में संयुक्त आयुक्त अजीत भारदाज सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर सीसीटीवी कैमरे से रहेगी नजर
शहर में खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर सीसीटीवी कैमरे की नजर रहेगी। राजधानी को स्मार्ट बनाने के बाद कहीं असामाजिक तत्व कूड़ा फेंक कर इसे खराब न करें, इस पर नजर रखने के लिए शहर 71 लाख रुपये खर्च कर कैमरे लगाए जाएंगे। नगर निगम सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। प्रशासन इसका शुभारंभ रिज मैदान के टका बैंच से करेगा। इसके बाद शहर में जिन स्थानों पर कूड़ा फेंका जाता है, वहां पर इन्हें लगाया जाना है। इसी तरह से जहां पर पार्षद मांग करेंगे, वहां भी उन्हें लगाया जा सकेगा। प्रशासन का दावा है कि शहर के 34 वार्डो में अलग-अलग स्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसमें कूड़ा फेंकते जो भी पाया जाता है, उस पर कार्रवाई की जाएगी।