शिमला, जागरण संवाददाता । राजधानी शिमला में बंदरों के बाद अब कुत्तों के आतंक से लोग खासे परेशान है। मंगलवार सुबह एक अधिकारी के कुत्ते ने सैहब कर्मचारी को काट खाया। कुत्ते के काटने से सैबह कर्मचारी के बाजू पर गहरे जख्म हो गए है।
कुत्ता बाजू से पूरा मांस ही निकाल कर ले गया। घटना मंगलवार सुबह के समय बैम्लोई में पेश आई। सैहब कर्मचारी सुबह अपनी डयूटी पर था और बैम्लोई में कूड़ा एकत्र करने गया था। इसी दौरान एक कुत्ता आया और उसे काट गया।
सैहब कर्मचारी की चीखें सुन इकठ्ठा हुए लोग
सैहब कर्मचारी की चीखें सुनने के बाद वहां पर काफी लोग इक्ट्ठा हुए। जिसके बाद उसे उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया। सैहब सोसायटी यूनियन का आरोप है कि यह कुत्ता अधिकारी का है। उनकी मदद करने के बजाए यह कहा गया है कि इसे आवारा कुत्ता बताए तभी मुफ्त में ईलाज होगा। अन्यथा ईलाज के पैसे देने होंगे। कार्रवाई न हुई तो कूड़ा उठाना कर देंगे बंदबैम्लोई एरिया के सुपरवाइजर हरीश नड्डा ने कहा कि यह घटना सुबह के समय पेश आई। कर्मचारी अपनी डयूटी पर था।
बाजू पर पड़ा गहरा घाव
उन्होंने कहा कि उसकी बाजू पर गहरा घाव पड़ गया है। सैहब कर्मचारियों ने कहा कि इस मामले पर पुलिस यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं करती तो हम घरों से कूड़ा नहीं उठाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने इसको लेकर स्वास्थ्य अधिकारी चिट्टी लिख दी है। उन्होंने कहा कि इस चिट्ठी को एसपी शिमला को भेज दिया गया है।
दूसरे दिन दूसरी घटना आई
बीते सोमवार को बैम्लोई के साथ लगते निगम बिहार में भी सैहब कर्मचारी को एक कुत्ते ने नोच डाला था। इस दौरान कर्मचारी को गहरी चोटें आई थी। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई थी।
जाखू के टिटला होटल के आगे सफाई करना छोड़ा
राजधानी शिमला में आवारा कुत्तों, बंदरों का कहर काफी ज्यादा बढ़ गया है। नगर निगम का फिल्ड स्टाफ जो सुबह के समय सफाई व कूड़ा इक्ट्ठा करने जाते हैं ये कुत्ते उन्हें अपना निशाना बनाते हैं। कुत्ते झूंड में जगह जगह बैठे रहते हैं। जैसे ही किसी अकेले व्यक्ति को आते देखते हैं उस पर हमला कर देते हैं। जाखू स्थित टिटला होटल के आगे की सड़क पर नगर निगम कर्मचारियों ने सफाई करना ही छोड़ दिया है।
आवारा ही नहीं पालतू कुत्ते भी कर रहे हमला
नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का कहना है कि इस सड़क पर कुत्तों का कहर है। आवारा ही नहीं बल्कि पालतू कुत्ते भी काफी ज्यादा है। ये कई बार सफाई कर्मचारी को काट चुके हैं। इस मामले को कई बार नगर निगम प्रशासन के समक्ष उठाया गया लेकिन इस तरफ कोई ध्यान ही नहीं देता।