Shimla News: शरनाल गांव की धंस रही जमीन, एक घर चपेट में आया, डर के साये में रहने के लिए मजबूर लोग
दरकाली पंचायत के शरनाल गांव की जमीन धंस रही है। जिसकी चपेट में एक घर भी आ चुका है। इससे यहां के लोग डर के साये में रहने के लिए मजबूर हैं। ऐसे में कोई गांव की सुध नहीं ले रहा। (फाइल फोटो)
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर: उपमंडल रामपुर की दरकाली पंचायत के शरनाल गांव की जमीन लगातार धंस रही है। इससे यहां के लोग डर के साये में रहने के लिए मजबूर हैं। धीरे-धीरे हो रहे भूस्खलन से गांव के एक व्यक्ति का मकान भी इसकी चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि यह अगस्त से हो रहा है।
ऐसे में कोई गांव की सुध नहीं ले रहा है। शरनाल के लोग भी अब सरकार व प्रशासन से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। पंचायत प्रधान गुलजारी ने बताया कि इस बारे में जिला प्रशासन और भूसंरक्षण विभाग को लिखित में सूचित किया गया है।
स्कूल में भी आई दरारें
भूसंरक्षण विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर क्रेट का प्रविधान कर दिया था, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण यहां पर काम शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि गांव का एक हिस्सा पूरी तरह से भूस्खलन की चपेट में आ गया है। गांव के साथ लगते स्कूल के हिस्से में भी दरारें आ चुकी हैं।
शरनाल गांव के नागीराम का घर इस भूस्खलन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों को भी भूस्खलन का डर सता रहा है। अगर भूमि कटाव न रुका तो अन्य घरों को भी खतरा हो सकता है।
भूस्खलन से उपजाऊ जमीन बर्बाद
नागीराम का कहना है कि उस जगह उनका पुश्तैनी मकान था जो क्षतिग्रस्त हो चुका है और अब दूसरा मकान भी लगातार धंस रहा है। अगर ऐसा हुआ तो वह बेघर हो जाएंगे। वहीं इस धंसने वाली जगह के पास स्कूल का भवन है। जबकि यहां पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपजाऊ जमीन भी है।
जो इस भूस्खलन से बर्बाद हो चुकी है। ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी समस्या का समय रहते समाधान किया जाए। वहीं भूसंरक्षण अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि शरनाल गांव का निरीक्षण किया जा चुका है। वहां पर क्रेट वाल लगाने का प्रविधान किया गया है।