विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Shimla Landslide: शिमला में सड़क पर दरकी पहाड़ी, बाल-बाल बचे वाहन सवार; बहुमंजिला भवन भी खतरे की जद में

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 18 Jun 2026 05:50 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 18 Jun 2026 06:40 PM (GMT+05:30)

शिमला के ढली-संजौली बाईपास पर भारी भूस्खलन से सड़क बंद हो गई है, जिससे वाहन बाल-बाल बचे और बहुमंजिला भवन ...और पढ़ें

HighLights

  1. ढली-संजौली बाईपास पर भारी भूस्खलन हुआ।

  2. वाहन बाल-बाल बचे, मार्ग यातायात के लिए बंद।

  3. पहाड़ी में दरारों से बहुमंजिला भवन खतरे में।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भारी भूस्खलन हुआ है। ढली-संजौली बाईपास मार्ग पर पहाड़ी से सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इस दौरान वाहन चपेट में आने से बाल बाल बच गए। भूस्खलन का अंदेशा होने के कारण वाहन रोक दिए गए थे, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। यह मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है। भूस्खलन के कारण साथ लगते बहुमंजिला भवन भी खतरे की जद में आ गया है।

लगातार गिर रहे पत्थर, पहाड़ी में दरारें

बारिश का सीजन शुरू होते ही पहाड़ की धड़कनें बढ़ गई हैं। दिल्ली बाईपास के समीप पहाड़ से लगातार पत्थर और मलबा गिरने की घटनाओं ने वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। सड़क के किनारे स्थित पहाड़ी हिस्से में दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे किसी बड़े भूस्खलन की आशंका जताई जा रही है।

बहुमंजिला भवनों पर भी खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर पहले भी कई बार पहाड़ दरक चुका है। पहाड़ी के नीचे और आसपास स्थित बहुमंजिला भवनों पर भी खतरा मंडरा चुका है। बरसात के दौरान जमीन में नमी बढ़ने से पहाड़ की स्थिरता प्रभावित होती है और चट्टानों के खिसकने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में क्षेत्र के निवासी और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोग चिंतित हैं।

शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल

यह बाईपास शिमला शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है और यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। बारिश के दौरान सड़क पर गिर रहे छोटे-बड़े पत्थर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित पहाड़ी का तकनीकी निरीक्षण करवाने और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

बरसात के मौसम में पहाड़ की स्थिति पर प्रशासन की नजर रहेगी, लेकिन फिलहाल क्षेत्र में संभावित खतरे को लेकर लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है।

यातायात दोनों ओर से बंद

ढली-संजौली बाईपास मार्ग पर भारी भूस्खलन होने के कारण सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा आ गया है, जिससे यह मार्ग दोनों तरफ से यातायात के लिए बंद हो गया है। मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य संबंधित विभाग द्वारा लगातार किया जा रहा है। मार्ग बंद होने के कारण इस सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को असुविधा हो सकती है। 

वैकल्पिक मार्ग अपनाएं 

प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे फिलहाल बाईपास मार्ग का उपयोग न करें और अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गों के अनुसार बनाएं। साथ ही मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। 

यह भी पढ़ें: शिमला गोलीकांड के 4 दिन बाद खुला पैराडाइज स्कूल, आधे से भी कम बच्चे पहुंचे; प्रबंधन ने मांगी पुलिस सुरक्षा