विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला में हर वार्ड में बनेगी हाइड्रोलिक पार्किंग, 5000 वाहनों को मिलेगी जगह

Published: Tue, 20 Oct 2026 02:12 PM (IST)

शिमला में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए हाइड्रोलिक पार्किंग बनाने की योजना है।

शिमला में हर वार्ड में बनेगी हाइड्रोलिक पार्किंग (फाइल फोटो)

शिमला में हर वार्ड में बनेगी हाइड्रोलिक पार्किंग (फाइल फोटो)

HighLights

  1. केंद्रीय टीम शिमला में पार्किंग स्थलों का निरीक्षण करेगी।

  2. हर वार्ड में 100 वाहनों की हाइड्रोलिक पार्किंग बनेगी।

  3. 5000 अतिरिक्त वाहनों को खड़ा करने की सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, शिमला। राजधानी शिमला में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए हाइड्रोलिक पार्किंग बनाने की योजना जल्द सिरे चढ़ सकती है। शहर के प्रत्येक वार्ड में करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली हाइड्रोलिक पार्किंग बनाने के लिए स्थल चिह्नित करने की तैयारी है। इसके लिए दिल्ली से केंद्रीय मंत्रालय की टीम मंगलवार को शिमला पहुंचेगी।

नगर निगम के अधिकारी टीम को उन संभावित स्थलों का निरीक्षण करवाएंगे, जहां पार्किंग बनाने की योजना प्रस्तावित है।नगर निगम प्रशासन को उम्मीद है कि इस योजना के सिरे चढ़ने से शहर में करीब 5000 अतिरिक्त वाहनों को खड़ा करने की सुविधा मिल सकती है।

इससे न केवल स्थानीय लोगों को पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि नगर निगम की आय में भी बढ़ोतरी होगी। निगम को इन पार्किंग स्थलों से सालाना करीब 10 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है। शिमला में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है।

ऐसे में हाइड्रोलिक पार्किंग को इस समस्या के समाधान के तौर पर देखा जा रहा है। इसके तहत कम जगह में अधिक वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था विकसित की जा सकती है। नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर के अलग-अलग वार्डों में ऐसे स्थान तलाशे जा रहे हैं, जहां तकनीकी और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार पार्किंग का निर्माण संभव हो।