विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला में रहस्यमयी हालात में 6 दिन से पिता-पुत्री लापता, पत्नी को की लास्ट कॉल; लावारिस मिली गाड़ी का कैसे टूटा शीशा?

By Rohit Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 19 Sep 2026 04:01 PM (IST)Updated: Sat, 19 Sep 2026 04:40 PM (IST)

शिमला के सुन्नी ओगली से पिता-पुत्री छह दिनों से लापता हैं, जिनकी तलाश में पुलिस सर्च अभियान चला रही है ...और पढ़ें

शिमला में पिता-पुत्री छह दिन से लापता हैं। प्रतीकात्मक फोटो

शिमला में पिता-पुत्री छह दिन से लापता हैं। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. शिमला के सुन्नी ओगली से पिता-पुत्री छह दिन से लापता।

  2. लावारिस मिली पिकअप गाड़ी, टूटा हुआ था कंडक्टर साइड का शीशा।

  3. पुलिस सीडीआर खंगाल रही, परिवार को अपहरण की आशंका।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में जिला शिमला के सुन्नी ओगली से पिता और बेटी छह दिन से लापता हैं, इनका अभी तक पुलिस को कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस दोनों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाए हुए है। इसके अलावा दोनों के सीडीआर भी खंगाले जा रहे हैं। इसके बावजूद 6 दिनों से दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है। 

12 सितंबर को शिकायतकर्ता सुनीता देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति कुलदीप और उनकी 18 वर्षीय बेटी स्नेहा 12 सितंबर की शाम पिकअप गाड़ी में कुमारसैन की ओर गए थे। स्वजन के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे कुलदीप ने फोन कर बताया था कि वह पंदोआ पहुंच गए हैं और 10 मिनट में घर पहुंचने वाले है। इसके बाद कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। 
देर रात तक भी दोनों का कुछ अता-पता नहीं चल सका। पति और बेटी से संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। शुरुआत में परिजनों ने किसी वजह से फोन बंद होने की बात समझी। लेकिन जब काफी समय तक दोनों से संपर्क नहीं हो पाया तो उनकी तलाश शुरू की गई।

सड़क किनारे मिली पिकअप

स्वजन ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर दोनों को खोजने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी पिकअप गाड़ी ओगली गांव के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। वाहन के इस तरह अकेले खड़े मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।

कंडक्टर साइड का शीशा टूटा मिला

तलाशी के दौरान मिली पिकअप गाड़ी की स्थिति ने मामले को और संदिग्ध बना दिया। बताया जा रहा है कि वाहन का कंडक्टर साइड का शीशा टूटा हुआ था। वाहन सड़क किनारे मिला, जबकि उसमें सवार पिता-पुत्री का कोई पता नहीं था। गाड़ी मिलने के बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में भी दोनों की तलाश की। मगर उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

परिवार को अपहरण का शक

दोनों के अचानक लापता होने और वाहन के लावारिस हालत में मिलने के कारण परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। शिकायत में परिवार की ओर से अवैध हिरासत या अपहरण की आशंका भी व्यक्त की गई है। उनके परिवार में पत्नी सुनीता के अलावा उनके माता-पिता है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में वन विभाग दफ्तर के पास माफिया ने काट डाले 8 हरे पेड़, पूरे स्टाफ को भनक तक नहीं लगी