विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सैहब सोसायटी कर्मचारियों को मिलेगी वर्दी, बीमा और करुणामूलक नौकरी पर आज AGM में लगेगी मुहर

Published: Sat, 04 Apr 2026 06:35 AM (IST)

सैहब सोसायटी की आठवीं वार्षिक बैठक में कर्मचारियों को वर्दी, बीमा और करुणामूलक आधार पर नौकरी देने पर मुहर लग सकती है।

सैहब कर्मचारियों की करुणामूलक नौकरी वर्दी, बीमा पर आज एजीएम में लगेगी मुहर। फाइल फोटो

सैहब कर्मचारियों की करुणामूलक नौकरी वर्दी, बीमा पर आज एजीएम में लगेगी मुहर। फाइल फोटो

HighLights

  1. कर्मचारियों को वर्दी, बीमा व करुणामूलक नौकरी मिलेगी

  2. सोसायटी के कार्यक्षेत्र का विस्तार, सफाई गतिविधियां शामिल

  3. वित्तीय पारदर्शिता, यूनियनों की मांगों पर भी चर्चा

जागरण संवाददाता, शिमला। सैहब सोसायटी के कर्मचारियों को वर्दी, बीमा और करुणामूलक आधार पर नौकरी देने व नए कर्मचारियों की भर्ती पर शनिवार को होने वाली बैठक में मंजूरी मिल सकती है। सैहब सोसायटी की आठवीं साधारण वार्षिक बैठक शिमला स्थित राज्य सचिवालय में शहरी विकास एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में होगी।

इस बैठक में सोसायटी से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक, वित्तीय और कर्मचारियों से संबंधित अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति और उनके कार्यक्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा कि यदि किसी आउटसोर्स कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, उसके परिवार के आश्रित को करुणामूलक आधार पर सैहब सोसायटी में नियुक्ति प्रदान की जाए।

बैठक के एजेंडा में सोसायटी के कार्यक्षेत्र के विस्तार का मुद्दा भी शामिल है। वर्तमान में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तक सीमित कार्यों को बढ़ाकर झाड़ू लगाने और अन्य स्वच्छता गतिविधियों को भी इसमें शामिल करने का प्रस्ताव रखा है। इससे शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

आउटसोर्स कर्मचारियों को नगर निगम शिमला के अन्य आउटसोर्स कर्मचारियों के समान सुविधाएं देने पर भी विचार होगा। कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और भविष्य में वेतन वृद्धि को लेकर भी एजेंडा में विशेष बिंदु शामिल हैं। एक अन्य महत्वपूर्ण विषय यूजर चार्ज कलेक्शन को लेकर है, इसमें प्रस्ताव है कि पहले यह राशि नगर निगम शिमला के पास जमा की जाए और उसके बाद सैहब सोसाइटी को हस्तांतरित की जाए।

इस व्यवस्था से वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है। कर्मचारियों की यूनियन और सैहब सोसाइटी चालक यूनियन की मांगों पर भी चर्चा होगी। यूनियनों के उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए बैठक में ठोस निर्णय लिए जाने की संभावना है।

बैठक में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी, इन्हें बैठक के दौरान अध्यक्ष की अनुमति से शामिल किया जाएगा। बैठक में एजेंडा में वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक के लेखे-जोखे के अनुमोदन को प्रमुखता से शामिल किया है। लंबे समय से लंबित इन वित्तीय अभिलेखों को मंजूरी देने के बाद सोसाइटी के कार्यों को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर रहेगा।