निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध करने के लिए मानक बदलेंगे
हिमाचल सरकार के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सूचीबद्ध निजी अस्पतालों पर अब शिकंजा कसेगा। प्रदेश और प्रदेश से बाहर ऐसे सैकड़ों अस्पताल हैं जिन्हें सूचीबद्ध करने के सरकार मानक बदलेगी। इसके लिए इम्पैनलमेंट रूल्स में संशोधन किया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य संस्थान नई सूची में शामिल होंगे जहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हैं। राज्य सरकार
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में कर्मचारियों व पेंशनरों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। हिमाचल और प्रदेश से बाहर सैकड़ों निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध करने के लिए सरकार मानक बदलेगी। इसके लिए इंपैनलमेंट रूल्स में संशोधन किया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य संस्थान नई सूची में शामिल होंगे जिनमें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हैं।
राज्य सरकार के कर्मचारी व पेंशनर ऐसे अस्पतालों में इलाज करवाते हैं। हालांकि इलाज पर होने वाला खर्च सरकार रि-इंबर्स कर देती है लेकिन कर्मचारियों की शिकायत रहती हैं कि सूचीबद्ध अस्पतालों में उचित सुविधाएं नहीं होती हैं। अभी तक सूचीबद्ध अस्पतालों को रिन्यू करने की ही परंपरा है। तय शर्ते कागजों में तो पूरी दर्शा दी जाती हैं पर धरातल में ऐसा कई मामलों में नहीं होता है। स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा कि सरकार इंपैनलमेंट रूल्स में बदलाव कर रही है। मानकों की समीक्षा होगी। नए सिरे से मानक तय होंगे। बढि़या सेवाएं देने वाले निजी अस्पतालों को ही सरकार सूचीबद्ध करेगी। कई बार लोग निजी अस्पतालों में जाना पसंद करते हैं। सरकार सभी पहलुओं का ख्याल रखेगी।
--------- स्वास्थ्य आयोग का पुनर्गठन होगा
हिमाचल में स्वास्थ्य आयोग का पुनर्गठन होगा। इसे क्रियाशील बनाया जाएगा। कई वर्षो से इसकी बैठक नहीं हुई है लेकिन राज्य सरकार इसे बंद नहीं करेगी। भाजपा को सत्ता में आए पौने दो साल हो गए हैं लेकिन सरकार ने आयोग की एक भी बैठक नहीं बुलाई है। सरकार अब इस आयोग की समीक्षा करेगी। पहले कहा जा रहा था कि आयोग बंद हो जाएगा लेकिन स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने इन कयासों पर विराम लगा दिया है।
राज्य स्वास्थ्य आयोग की पहली रिपोर्ट अक्टूबर 2015 में आई थी। इसमें प्रदेश में खुलने वाले स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य संस्थानों के लिए मापदंड तय किए गए थे।
स्वास्थ्य आयोग बंद नहीं होगा। बेशक अभी तक एक भी बैठक नहीं हुई लेकिन अब इसकी समीक्षा की जाएगी।
विपिन परमार, स्वास्थ्य मंत्री