रॉयल की चमक से खिले बागवानों के चेहरे
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से अब रॉयल सेब मंडियों में पहुंचना शुरू हो गया है। रॉयल सेब के अच्छे दाम मिलने से बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में रॉयल सेब 2000 से 2500 रुपये प्रति बॉक्स बिक रहा है जो पिछले साल के मुकाबले 500 रुपये अधिक है। हालांकि इस वर्ष फसल काफी कम है और ओलावृष्टि से प्रभावित है। बावजूद इसके भ्बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। बीते सप्ताह भट्टाकुफर फल मंडी में रॉयल सेब ने दस्तक दे दी थी। रंग और आकार सही न होने के कारण सेब का प्रति बाक्स 1500 से 1800 रुपये बिका था। वीरवार को अच्छी किस्म का रॉयल पहुंचने पर बागवानों को अच्छे दाम मिले हैं। इस सीजन के दौरान अर्ली वैरायटी के स्पर के दाम भी अच्छे दाम मिल रहे हैं।
------------
विदेशी सेब से भी हैं अच्छे दाम
दिल्ली से अच्छे दाम बागवानों को भट्टाकुफर फल मंडी में मिल रहे हैं। देश की सबसे बड़ी आजादपुर मंडी में विदेशी सेब यूएसए से वाशिंगटन वैरायटी का पहुंच रहा है। आकार और गुणवत्ता में यह सेब काफी बेहतर है। आजादपुर मंडी में यह 2600 रुपये प्रति बाक्स बिक रहा है। फल मंडी भट्टाकुफर में 2300 रुपये प्रति बाक्स प्रदेश का रायल वैरायटी का सेब बिका है।
-----------
अन्य राज्यों के आढ़ती पहुंचे शिमला
शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में अन्य राज्यों से आने वाले आढ़तियों ने भी डेरा जमा लिया है। वे सेब कारोबार में रुचि ले रहे हैं। भट्टाकुफर मंडी में जयपुर से आए आढ़ती का कहना है कि इस बार भले ही सेब की फसल कम हो, लेकिन बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। अन्य मंडियों में हिमाचली सेब की मांग अधिक है, इसलिए दाम भी अच्छे मिल रहे हैं।