हिमाचल के लोग हो जाएं सावधान! अटल टनल पर हिमस्खलन की चेतावनी, 60 KM की रफ्तार से चलेगी आंधी; ओलावृष्टि का भी अलर्ट
हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों रोहतांग और बारालाचा में लगभग आधा फीट हिमपात हुआ, जबकि निचले इलाकों में वर्षा दर्ज की गई। धर्मशाला, मनाली और शिमला में भी बारिश हुई।

रोहतांग, बारालाचा में लगभग आधा फीट हिमपात हुआ। फाइल फोटो
HighLights
रोहतांग, बारालाचा में लगभग आधा फीट हिमपात हुआ
निचले क्षेत्रों में वर्षा, तापमान में 7.4 डिग्री गिरावट
सेब फसल को नुकसान, 8 अप्रैल तक हिमपात-वर्षा का अनुमान
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों रोहतांग व बारालाचा सहित अन्य में शुक्रवार को लगभग आधा फीट हिमपात हुआ। लाहौल के कोकसर, दारचा में लगभग दो इंच तक हिमपात हुआ। निचले क्षेत्रों में वर्षा का क्रम जारी रहा।
धर्मशाला में आठ, मनाली व शिमला में चार मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कई स्थानों पर आंधी भी चली। हिमपात और वर्षा के कारण दिन के तापमान में 7.4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट, आंधी और ओलावृष्टि के कारण सेब की फसल को नुकसान हो रहा है। हालांकि, अभी गेहूं की फसल को वर्षा से लाभ होगा, लेकिन आंधी और ओलावृष्टि से नुकसान की आशंका है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धर्मशाला में सबसे अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि अन्य स्थानों पर एक से दो डिग्री की वृद्धि हुई है। प्रदेश में आठ अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं, अटल टलन पर हिमस्खलन का खतरा है।
मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू और शिमला में कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़ अन्य स्थानों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट मंडी में 7.4, सुंदरनगर और भुंतर में सात, मनाली व कांगड़ा में 6.4, कल्पा व धर्मशाला में चार डिग्री सेल्सियस की हुई है।
