गुम्मा-बाघी सड़क पर शुरू हुई सियासत
गुम्मा- बाघी सड़क अब सियासत की सड़क में तब्दील हो गई है।
संवाद सूत्र, जुब्बल : गुम्मा-बाघी सड़क अब सियासत की सड़क में तब्दील हो गई है। इस पर कांग्रेस और भाजपा नेताओं में जुबानी जंग छिड़ गई है। कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा का आरोप है कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने इस सड़क के निर्माण के लिए रुचि नहीं दिखाई। 30 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली सड़क तीन चरणों में चौड़ी होगी। जहां कार्य हो रहा है, उसका श्रेय लेने की होड़ लग गई है। जहां अधूरा है, उसका ठिकरा एक-दूसरे पर फोड़ा जा रहा है। सत्ताधारी दल का आरोप कि कांग्रेस का गढ़ खिसक गया। जनाधार खिसकने के लिए पार्टी की हालत खंभा नोंचे खिसयानी बिल्ली की तरह हो गई है। जबकि कांग्रेस का आरोप है कि तीसरे चरण का कार्य मौजूदा सरकार के लचीली कार्यप्रणाली के कारण नहीं हो पा रहा है। आलम यह कि नाकामी के लिए दोनों दल एक दूसरे को कोस रहे हैं।
-------
रामलाल ठाकुर का गढ़
उबादेश कांग्रेस के दिग्गज स्वर्गीय ठाकुर रामलाल का गढ़ रहा है। वह प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे। उनकी राजनीतिक विरासत को पोता रोहित ठाकुर आगे बढ़ा रहे हैं। वर्ष 2007 में इस क्षेत्र की नौ पंचायतों से भाजपा को बढ़त मिली। तब नरेंद्र बरागटा जीते थे। उसके बाद 2012 में रोहित ठाकुर विजयी रहे। वर्ष 2017 के विधानसभा के चुनाव में बरागटा को इस इलाके से पहली बार बड़ी तादाद में वोट मिले। अब गढ़ को बचाने के लिए सड़क के बहाने भाजपा और कांग्रेस में जंग छिड़ गई है। क्या कहते हैं भाजपा के नेता
जुब्बल नावर कोटखाई के उबादेश के भाजपा पदाधिकारियों ने कांग्रेस की बयानबाजी को झूठा करार दिया है। टिक्कर जिला परिषद सदस्य चेतराम आजाद, युवा मोर्चा अध्यक्ष अशोक जस्टा, मंडल कोषाध्यक्ष सुंदर डोगरा, आईटी प्रमुख राजीव मैहता, एचपीएमसी के निदेशक अनिल कालटा, पूर्व प्रधान ज्ञान ठाकुर, कवर सिंह डोगरा, मदन बिनटा, सत्य प्रकाश, दयानन्द राजटा, नीलम प्रताप, रोहित राजटा, संजीव राजटा, अमरजीत सघेईक, राजीब डोटका, जगत जनारठा, राकेश लाईक, राजू स्नेइक, अशोक राज्टा, विशाल भिकटा, सुनील चौहान, राजपाल भिकटा, श्याम जस्टा, मोहिदर भिकटा, रितेश चौहान, विकास काल्टा, राकेश शर्मा, सतीश हेमटा, सुरेंद्र खोटा, संतोष ओकटा, प्रकाश घासटा, बिट्टू सोकटा, संजीव चौहान, राकेश ने कहा कि कांग्रेस जुब्बल नावर कोटखाई में विकास देखकर बौखला गई है। इस कारण तथ्यहीन बयानबाजी पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि गुम्मा-बाघी सड़क को नरेंद्र बरागटा के अथक प्रयासों से ही मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (एमडीआर) के तहत डाला गया है। इस सड़क के प्रथम चरण गुम्मा से खल्टूनाला तक 10 करोड़ का प्रावधान किया गया। इस भाग के कार्य को पूर्ण किया गया। दूसरे चरण खलटूनाला से चमैन के लिए 11 करोड़ की डीपीआर बनाई गई। लेकिन भाजपा की सरकार बदल गई। अब भाजपा सरकार ने नरेंद्र बरागटा के प्रयासों से एक बार फिर इस सड़क के इस भाग का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करवाया है।