झड़प में घायल राजीव राणा ने वीरभद्र व उनके पुत्र पर लगाए गंभीर आरोप
Rajiv Rana.झड़प में घायल हुए राजीव राणा ने वीरभद्र सिंह और उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष कुलदीप राठौर की ताजपोशी के कार्यक्रम के दौरान खूनी झड़प में घायल हुए राजीव राणा ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान खूनी झड़प में घायल हुए राजीव राणा जो वर्तमान में इंटक के उपाध्यक्ष भी हैं ने कहा कि उस दिन हुई मारपीट पूर्व नियोजित थी। उन पर जानलेवा हमला किया गया। उसके सिर पर हमला कर घायल किया गया, जिसके कारण उनके सिर पर पांच टांके लगे हैं।
राजीव राणा ने विक्रमादित्य की पत्रकार वार्ता में खड़े युवाओं पर भी सवाल दागे कि जो लोग नशे के आरोप में पकड़े गए हैं, वह उस पत्रकार वार्ता में विक्रमादित्य के साथ मौजूद थे। जो उन पर हमला करने के मामले में आरोपित हैं, जिनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। वह पत्रकार वार्ता में विक्रमादित्य के साथ हैं । पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह नहीं चाहते कि आम कार्यकर्ता और कांग्रेस के सच्चे सिपाही आगे आएं। वे केवल अपने परिवार में ही कांग्रेस की राजनीति को रखना चाहते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर द्वारा मीडिया में न जाने की चेतावनी के बाद पत्रकार वार्ता करने को लेकर पूछे गए सवाल में राजीव राणा ने कहा कि जब वीरभद्र सिंह और विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकार वार्ता कर उन पर झूठे आरोप लगाए तो उन्हें पत्रकार वार्ता करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।