पांच से नौ अप्रैल तक इन स्थानों पर हो सकती है बारिश, मिलेगी राहत
हिमाचल में पांच से नौ अप्रैल को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है जिससे तपते पहाड़ों को ही नही बल्कि मैदानी इलाकों को भी राहत मिलेगी।
शिमला, राज्य ब्यूरो। प्रदेश के तपते पहाड़ों और मैदानी इलाकों को आज से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पांच से नौ अप्रैल तक प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वीरवार को प्रदेश में सूर्यदेव ने लोगों के खूब पसीने छुड़ाए। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी दोपहर के समय लोग धूप से बचते नजर आए। सबसे ज्यादा गर्म ऊना रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सबसे ज्यादा ठंड केलंग में हुई। वहां पर न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि नौ अप्रैल तक पश्चिमी हवाओं के सक्रिय रहने की संभावना है। इसके वजह से पांच अप्रैल से प्रदेश में कई जगह पर बारिश हो सकती है। इसके अलावा ऊपरी हिमाचल में बर्फबारी के आसार हैं। ऐसे में निचले हिमाचल के लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी।
भूस्खलन से कटा पांगी
मनाली-श्रीनगर वाया किलाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार को भारी भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही एक बार फिर से ठप पड़ गई है। भूस्खलन किश्तवाड़ पाडर के शवशास नामक स्थान पर हुआ है। ऐसे में पांगी घाटी का संपर्क एक बार फिर शेष विश्व से कट गया है। मार्ग बंद होने के कारण घाटी के लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। इससे पहले सर्दी के मौसम में भारी बर्फबारी के कारण पांगी घाटी शेष विश्व से कट गई थी। दस मार्च को वाया जम्मू मार्ग को बहाल किया गया था। लेकिन, अब भूस्खलन ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। मार्ग बंद होने के कारण पांगी घाटी से वाया जम्मू होते हुए चंबा के लिए आने वाले वाहन पांगी घाटी में ही फंस गए हैं।