राहुल ने पूछा, कैसे जब्त हुई कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर से दिल्ली में मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने पूछा कि धर्मशाला में कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत कैसे जब्त हुई।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर ने दिल्ली में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की है। इस दौरान राहुल गांधी ने उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की हार पर भी जानकारी ली। जानना चाहा धर्मशाला में कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत कैसे जब्त हुई।
सूत्रों के अनुसार रामलाल ठाकुर ने धर्मशाला में कांग्रेस की बदतर हालत के लिए पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता को विश्वास में न लिए जाने सहित अन्य कारण बताए। राहुल गांधी ने उन्हें प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कहा। इस दौरान दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा भी मौजूद थे।
दिल्ली के विधानसभा चुनाव पांच लाख हिमाचली मतदाताओं के संबंध में भी बात भी हुई। इसके लिए रामलाल ठाकुर सहित अन्य नेताओं को भी कार्य करने के लिए कहा गया जिससे दिल्ली में कांग्रेस की जीत को सुनिश्चित किया जा सके।
बुधवार व वीरवार को हिमाचल की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी को भंग करने के बाद नए सिरे से कार्यकारिणी का गठन किया जाना है। ऐसे में रामलाल ठाकुर द्वारा राहुल से मुलाकात किए जाने के कई मायने लगाए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित अन्य नेताओं से मुलाकात की है।
दिल्ली में राुहल गांधी से मुलाकात की है। इस दौरान धर्मशाला उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की बुरी हार सहित प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर बात हुई है।
-रामलाल ठाकुर, वरिष्ठ नेता प्रदेश कांग्रेस।
उपचुनाव में हार के कारण जानने आज पच्छाद जाएगी कांग्रेस की जांच कमेटी
पच्छाद उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी की हार के कारणों की जांच के लिए गठित समिति छह दिसंबर को सराहां में प्रात: 11:30 बजे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिलेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल ने बताया कि केंद्रीय आला कमान के निर्देश पर प्रदेश सह प्रभारी गुरकीरत सिंह, कमेटी के सदस्य पूर्व विधायक अजय महाजन और कुलदीप सिंह पठानिया पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव की पूरी फीडबैक लेंगे। इस क्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे गंगूराम मुसाफिर को हार का सामना करना पड़ा था।