चरस माफिया दीपराम की 4.49 करोड़ की संपत्ति ईडी ने की अटैच
पुलिस ने चरस माफिया की संपत्ति अटैच की है। वह अभी सजा काट रहा है। जागरण संवाददाता शिमला चरस माफिया दीपराम की 4.49 करोड़ रुपये की संपत्ति को प्रवर्तन
जागरण संवाददाता, शिमला : चरस माफिया दीपराम की 4.49 करोड़ रुपये की संपत्ति को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को अटैच कर लिया। इसमें शिमला व सोलन में छह प्लॉट, शिमला में दो घर व एक फ्लैट और एक बीएमडब्ल्यू कार शामिल है। ईडी ने उसके छह बैंक खाते भी अटैच कर लिए हैं।
चरस व अफीम बेचकर करोड़ों की संपत्ति बनाने के मामले को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो भी देख रहा है। नारकोटिक्स जाच में आरोपित के दो घर अवैध धंधे की कमाई से बनाए पाए गए हैं। इसमें एक घर निर्माणाधीन है और एक घर वह है जिससे चरस व अफीम बरामद की गई थी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो माफिया की इन अवैध संपत्ति को जब्त कर सकता है।
शिमला के उपनगर टुटू के दिव्यनगर निवासी दीपराम के घर पुलिस ने 25 मार्च 2016 को दबिश दी थी। उसके घर से पुलिस ने आठ किलोग्राम अफीम व आठ किलोग्राम चरस बरामद की थी और पौने तीन लाख रुपये जब्त किए थे। दो युवकों की मदद से पुलिस ने इस अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया था। इन युवकों ने दीपराम से चरस खरीदी थी। आरोपित उस समय घर पर नहीं था। पुलिस ने उसे अगले दिन गिरफ्तार किया था। इस मामले में दीपराम व उसकी पत्नी ऊषा को 20-20 साल की कैद सजा सुनाई गई थी। यह दंपती अभी सजा काट रहा है। दीपराम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया था। त्यूणी के एक अफीम सप्लायर को दबोचने में सफलता पाई थी। यह मामला ईडी में चले जाने के बाद से इसकी जाच चल रही थी। ईडी ने पूरा मामला खंगालने के बाद दीपराम की संपत्ति को अटैच किया।