प्रियंका व रॉबर्ट वाड्रा ने छराबड़ा में मनाया बेटे का जन्मदिन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने बेटे का जन्मदिन छराबड़ा में मनाया। बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए प्रियंका के पति भी शिमला पहुंचे।
जागरण संवाददाता, शिमला : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को अपने बेटे रेहान वाड्रा का जन्मदिन छराबड़ा में मनाया। बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा भी शिमला पहुंचे। सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर वह दिल्ली से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां से शिमला गाड़ी से आए।
रॉबर्ट वाड्रा की गाड़ी शनिवार दोपहर दो बजकर 50 मिनट पर शोघी बैरियर पर पहुंची। जिला प्रशासन ने यहां उनके दस्तावेजों का निरीक्षण किया। पांच मिनट तक उन्हें शोघी में रोका गया। हालांकि पहले ही उनके स्टाफ का व्यक्ति वहां पर पहुंच गया था। साढ़े तीन बजे वह छराबड़ा अपने घर पहुंचे। इससे पहले शुक्रवार को प्रियंका गांधी वाड्रा शिमला पहुंची थीं। वह 15 अगस्त को बच्चों के साथ शिमला आई थीं। हालांकि इसके बाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए उन्हें दिल्ली लौटना पड़ा था। इस दौरान उनके दोनों बच्चे शिमला में ही थे।
--------
छराबड़ा में है प्रियंका का घर
प्रियंका गांधी वाड्रा का शिमला से करीब 13 किलोमीटर दूर छराबड़ा में घर है। राष्ट्रपति निवास रिट्रीट के रास्ते में यह स्थान पड़ता है। प्रियंका का घर पहाड़ी शैली में बनाया गया है।