देश से माफी मांगें अशोक गहलोत : कश्यप
भाजपा के निवर्तमान सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, सोलन : सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। उन पर चुनाव आयोग को कार्रवाई करनी चाहिए। आयोग ने कुछ नेताओं पर प्रतिबंध लगाया है वैसा ही प्रतिबंध राहुल गांधी पर भी लगाया जाना चाहिए। वीरेंद्र कश्यप ने वीरवार को सोलन में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से राष्ट्रपति रामनाथ कोविद पर की गई टिप्पणी को भी असभ्य करार दिया। गहलोत की यह टिप्पणी शर्मसार करने वाली है। अशोक गहलोत को देश से माफी मांगनी चाहिए। इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रितु सेठी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में महिलाओं पर सीधी टिप्पणी की जा रही है। नेता मर्यादा भूल चुके हैं। कहा कि चाहे किसी भी पार्टी के नेता हों, उन्हें महिलाओं का आदर करना चाहिए। इस दौरान भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप, महामंत्री शैलेंद्र गुप्ता, मनीष सोपाल व मीरा आनंद भी मौजूद रहीं।