अपने हित के लिए कुछ कर्मचारी दूसरों को कर रहे गुमराह
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ रामपुर के अध्यक्ष हरीश कुमार न
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : हिमाचल परिवहन मजदूर संघ रामपुर के अध्यक्ष हरीश कुमार ने कहा कि शिमला में कार्यरत कुछ कर्मचारी कुछ दिन से एक अधिकारी द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के मामले में निगम प्रबंधन व सरकार के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। निगम प्रबंधन व सरकार इस मामले में जांच करवा रही है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये लोग इस मुद्दे का बहाना बनाकर कर्मचारियों को गुमराह कर रहे हैं। हकीकत यह है कि इन लोगों ने अपने पद के मुताबिक कभी कार्य नहीं किया।
उन्होंने कहा कि जब कोई अधिकारी इनपर इनका मूल कार्य करने के लिए दबाव बनाता है तो ये बहाने बनाकर निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल देते हैं। आरोप लगाया कि इन लोगों का पूर्व में भी यही कारनामा रहा है। आरोप लगाया कि इन लोगों ने एक फर्जी जेसीसी बनाकर कर्मचारियों को भ्रमित करना शुरू कर दिया है। रोजाना सरकार और निगम प्रबंधन को कोस रहे हैं। वेतन न मिलने के आरोप लगा रहे हैं जबकि परिवहन कर्मचारियों को हर माह वेतन मिल रहा है। सचिव रविद्र सिंह ने कहा कि कर्मचारी फर्जी जेसीसी चलाने वाले लोगों के झांसे में न आएं। ऐसे लोग भविष्य में कर्मचारियों को अपनी सीढ़ी बनाकर राजनीति में आना चाहते हैं। इसलिए संघ ने सरकार व निगम प्रबंधन से मांग की है कि ऐसे लोगों को उनके मूल कार्य पर लगाया जाए।