शिमला प्रवास के बाद दिल्ली लौटे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
छह दिन के शिमला प्रवास के बाद आज सुबह करीब 11:00 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दिल्ली लौट गए।
शिमला, राज्य ब्यूरो। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भावुक होकर शिमला से विदाई ली और कहा कि हिमाचल वासियों का स्नेह हृदय में लेकर दिल्ली लौट रहा हूं। इस संबंध में राष्ट्रपति ने अपने छह दिन के प्रवास को ट्वीट कर शेयर किया है। इसमें कहा है कि हमने बहुत तरक्की की है, अनेक उपलब्धियां प्राप्त की हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ ऐसा है जो प्राप्त किया जाना बाकी है। लोगों ने इस प्रवास के दौरान बहुत स्नेह दिया जिसका धन्यवाद करना है। राष्ट्रपति सुबह करीब 11:00 बजे छराबड़ा के कल्याणी हेलीपैड से दिल्ली लौट गए। राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कल्याणी हेलीपैड पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को गरिमापूर्ण विदाई दी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को राज्य में उनके प्रवास को दर्शाती एक फोटो एलबम भी भेंट की।
इस अवसर पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट, चीफ ऑफ स्टॉफ एवीएसएम, वीएसएम ले. जनरल राजीव सिरोही, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी, सचिव सामान्य प्रशासन डॉ. आरएन बत्ता, शिमला के उपायुक्त अमित कश्यप, पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
हिमाचल से है पुराना नाता
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का हिमाचल प्रदेश से पुराना नाता है। वह 1974 से यहां आ रहे हैं। उन्होंने हिमाचल वासियों को दिल्ली आने का न्योता भी दिया और कहा कि राष्ट्रपति भवन पर हर नागरिक का अधिकार है, दिल्ली आएं तो राष्ट्रपति भवन देखने जरूर आएं। राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद भी मौजूद थी।