आत्महत्या मामले में आरोपित महिला तक नहीं पहुंची पुलिस
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला के उपनगर घोड़ाचौकी के समीप आठवीं कक्षा की छात्रा क
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला के उपनगर घोड़ाचौकी के समीप आठवीं कक्षा की छात्रा की आत्महत्या मामले में पुलिस अब तक आरोपित महिला तक नहीं पहुंच पाई है। महिला अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
सूत्रों के अनुसार आरोपित महिला ने कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन कर दिया है। इसके बावजूद पुलिस पता नहीं लगा पा रही है कि महिला कहां छुपी है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला के उकसाने पर नेपाली मूल की लड़की ने दुपट्टे के फंदे से लटक कर जान दे दी थी। पुलिस को मौके से बरामद सुसाइड नोट से पता चला था कि एक पड़ोसी महिला ने छात्रा पर पैसों की चोरी का आरोप लगाया था जिससे आहत होकर उसने जान दे दी। छात्रा के परिजनों ने भी पड़ोस में रहने वाली उसी महिला पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पड़ोसी महिला के 1100 रुपये गुम हो गए थे जो बाद में उसे मिल गए। इस पर महिला ने छात्रा पर पैसे चोरी होने का शक जताया था। छात्रा चोरी का आरोप लगने पर मायूस हो गई और आत्महत्या कर ली। लड़की ने सूसाइड नोट में लिखा है कि उसने पैसे नहीं चुराए थे। इस घटना के आठ दिन बाद भी पुलिस आरोपित महिला को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जिस दिन छात्रा ने आत्महत्या की, महिला उसी दिन वहा से फरार हो गई थी।
आरोपित महिला का नहीं चला पता
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संभावित स्थानों में दविश दी गई है लेकिन आरोपित महिला के संबंध में कुछ पता नहीं चल पाया है।
प्रवीर ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक