पुलिस कांस्टेबल भर्ती से रोक हटी
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से भेजे निर्देश में कहा कि वे भर्ती के लिए इंटरव्यू का शेड्यूल तैयार करें। इसके लिए उन्हें पात्र अभ्यर्थियों को कॉल लैटर भेजने होंगे।
शिमला, राज्य ब्यूरो। प्रदेश पुलिस में भर्ती होने की राह देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश सरकार ने कांस्टेबलों के 1073 पद भरने के लिए आयोजित पुलिस भर्ती के साक्षात्कार पर चल रहा पेंच सुलझाते हुए भर्ती पर लगी रोक हटा दी है। सरकार ने बुधवार को पुलिस नियमों के तहत पूर्व सरकार के कार्यकाल में हुई भर्ती की प्रक्रिया को जारी रखने की स्वीकृति दे दी है। इस फैसले के बाद उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेने के लिए राज्य पुलिस मुख्यालय ने बुधवार देर शाम सभी आइजी रेंज को निर्देश जारी कर दिए हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से भेजे निर्देश में कहा कि वे भर्ती के लिए इंटरव्यू का शेड्यूल तैयार करें। इसके लिए उन्हें पात्र अभ्यर्थियों को कॉल लैटर भेजने होंगे।
पूर्व सरकार ने चुनाव से पूर्व 1073 पदों पर पुलिस कांस्टेबल भर्ती करने के लिए प्रक्रिया आरंभ की थी। पिछले साल दो अक्टूबर को लिखित परीक्षा हुई थी, इसमें तकरीबन 27 हजार अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। आचार संहिता लागू होने से दो दिन पहले परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया था। अगले ही दिन सरकार ने पुलिस नियमों के तहत भर्ती करवाने का आगदेश दिया। लेकिन 12 अक्टूबर को आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण भर्ती नहीं हो पाई थी।
जयराम सरकार ने लगाई थी रोक
जयराम सरकार ने सत्ता में आने पर पहली ही कैबिनेट बैठक में विभागीय भर्तियों पर रोक लगाई थी। इससे मामला और लटक गया। पुलिस अधिकारियों ने तर्क दिया था कि पुलिस भर्ती में पारदर्शिता बरती गई है और यह पुलिस नियमों के तहत ही हुई है। तीन महीने में आगे की प्रक्रिया नहीं हो पाई।
पूर्व सरकार ने खत्म किए थे इंटरव्यू
पूर्व सरकार ने ही तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती में साक्षात्कार की प्रक्रिया को खत्म कर दिया था। पुलिस विभाग में नियमों के तहत साक्षात्कार होने जरूरी हैं।