प्रशासन ने घर भेजे अन्य राज्यों के मजदूर
तहसीलदार रामपुर विपन ठाकुर ने बताया कि अन्य राज्यों के 68 मजदूरों को एचआरटीसी बसों में कालका के लिए भेजा गया।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर : उपमंडल में कोरोना संकट से जूझ रहे और अपने परिवार से दूर रह रहे 68 अन्य राज्यों के मजदूरों को रामपुर प्रशासन ने वीरवार को उनके घर रवाना किया। प्रशासन ने रास्ते के लिए पैक्ड फूड का इंतजाम कर मजदूरों को दो बसों में बिठाकर कालका के लिए भेजा, जहां से वे श्रमिक एक्सप्रेस से अपने प्रदेश के लिए जाएंगे।
रामपुर के डकोलढ़ से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सभी मजदूरों को शारीरिक दूरी का ध्यान रखकर बिठाया गया। सभी मजदूरों के स्वास्थ्य की जांच भी की गई।
तहसीलदार रामपुर विपन ठाकुर ने बताया कि मजदूरों ने हिमाचल सरकार से अनुरोध किया था कि उन्हें उनके प्रदेश के लिए भेजा जाए। इसके बाद उन्हें एचआरटीसी बसों में भेजा गया।
37 मजदूरों को कालका रेलवे स्टेशन तक छोड़ा
संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ : जिला किन्नौर प्रशासन कोरोना वायरस को रोकने के लिए जहां एक ओर मुस्तैदी से कार्य रहा है, वहीं जिले में फंसे अन्य राज्यों के मजदूरों को भी उनके घर तक भेजने का प्रबंध किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा उत्तर प्रदेश के 37 मजदूरों को उनके घर भेजा गया। इन मजदूरों में 34 लखनऊ और तीन फैजाबाद से संबंधित हैं।
जिला दंडाधिकारी गोपाल चंद ने बताया कि इन मजदूरों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की दो बसों द्वारा कालका रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। यहां से वे ट्रेन से अपने घर के लिए रवाना होंगे।