दूसरी पंचायत को पानी की आपूर्ति करने पर भड़के लोग
उपमंडल रामपुर की किन्नू पंचायत के महिला मंडल बाड़ी ने उनके पानी के स्त्रोत से दूसरी पंचायत को आपूर्ति करने का आरोप लगाया है।
संवाद सूत्र, सराहन बुशहर : उपमंडल रामपुर की किन्नू पंचायत के महिला मंडल बाड़ी ने जल शक्ति विभाग पर उनके पानी के स्रोत से दूसरी पंचायत को आपूर्ति करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार रामपुर डीसी नेगी के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा है। लोगों की मांग है कि घई खड्ड से स्थानीय लोगों को ही लाभान्वित किया जाए।
महिला मंडल प्रधान सरोज ने कहा कि भगावट गांव पिछड़ी व दुर्गम पंचायत किन्नू के दूरदराज में बसा हुआ है। इसमें गांव खूणी, हूरकू, डारडा, बाड़ी, धारा, झगधारा, थाच, एक्शा, टीकरा, धौंआ व कांटी आदि आते हैं। इनकी आबादी करीब 800 है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत और जल शक्ति विभाग की मिलीभगत से जो पेयजल योजना अन्य क्षेत्रों के लिए ले जाई जा रही है उसकी वजह से घराट भी बंद पड़ जाएंगे। यदि उनकी मांग की अनदेखी की गई तो लोग उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर पूर्व पंचायत उपप्रधान लाल सिंह डिग्टू, सुमित्रा, देवकी देवी, कला देवी, ऊषा देवी, शमशेर, शिशु पाल, दारा सिंह, लाल सिंह व तारा चंद मौजूद रहे। स्त्रोत में पानी की कोई कमी नहीं है और इसमें 30 से 50 लाख लीटर पानी हर समय उपलब्ध रहता है। इससे केवल कुछ लाख लीटर पानी ही दूसरी जगह को दिया जा रहा, ताकि उनकी भी पानी की समस्या का समधान किया जा सके।
- कृष्ण शर्मा, एसडीओ जल शक्ति विभाग सराहन।