घर बैठे करें बिलों का भुगतान, नगर निगम देगा विशेष छूट
Pay bills Online शिमला में महापौर सत्या कौंडल ने बजट भाषण में कहा कि ऑनलाइन भुगतान करने वालों को निगम विशेष छूट देगा।
शिमला, अनिल ठाकुर। सीवरेज शुल्क, पानी का बिल, हाउस टैक्स, एनओसी शुल्क के अलावा अन्य तरह के भुगतान लोग अब घर बैठे कर सकेंगे। ऑनलाइन भुगतान करने वालों को निगम विशेष छूट भी देगा। महापौर सत्या कौंडल ने अपने बजट भाषण में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया विजन को नगर निगम भी आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन भुगतान पर निगम विशेष छूट देगा। इसके लिए चार तरह के स्लैब बनाए गए हैं।
1000 रुपये तक 10 रुपये, 1001 से पांच हजार तक 15, 5001 से 10 हजार तक 50 और 10001 से ऊपर पर 100 रुपये की छूट ऑनलाइन भुगतान पर दी जाएगी। इसमें उपभोक्ताओं को देय राशि को अग्रिम तौर पर जमा करने का प्रावधान किया गया है। लोक मित्र केंद्र के माध्यम से भी इसका भुगतान किया जा सकता है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम ई-विधान सॉफ्टवेयर को रोल आउट करेगा। इसके तहत ई-हाउस प्रणाली को सदन के कामकाज में शामिल किया जाएगा। ऐसा करने वाला नगर निगम शिमला देश का पहला उच्च तकनीक पेपरलैस सदन बन जाएगा। इससे डिजिटल परिवर्तन व पारदर्शी शासन के लिए यह प्रशासनिक सुधार होगा। इस पर 3.25 करोड़ खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि निगम वेब पोर्टल, फाइनांस, अकाउंट्स, ऑडिट, पेंशन, भू व संपदा प्रबंधन सिस्टम, विधि विभाग, मानव संसाधन सिस्टम और पेड़ काटने के आवेदन जैसी सुविधाआओं को ऑनलाइन जी टू सी सेवाओं से जोड़ने के लिए सॉफ्टवेयर तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
शहर में बनेंगे 58 नए शौचालय
शिमला शहर के वार्डों में 58 नए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत 14 नए प्री फेबरिकेटिड शौचालय और 14 ई-शौचालय बनाने का कार्य जारी है। स्मार्ट सिटी के तहत 15 पुरुष और 15 महिला शौचालय बनाए जाएंगे। इस पर 1.93 करोड़ खर्च होगा। लोगों की सुविधा के लिए निगम टूटीकंडी, संजौली, हिमलैंड, खलीणी में फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करवा रहा है। टाउन वैडिंग समिति ने शहर में वैडिंग जोन चिह्नित किए हैं। स्मार्ट सिटी फंड के तहत चिह्नित स्थानों पर बसाने बारे कार्रवाई की जा रही है। सत्यापन कार्य के बाद इन्हें पहचान पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
35 किलोमीटर नई सीवरेज
लाइन बिछेगी, एसटीपी बनेंगे महापौर सत्या कौंडल ने बताया कि शहर में इस वित्त वर्ष के भीतर 35 किलोमीटर की नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इस पर आठ करोड़ खर्च होंगे। इसके लिए वार्ड वाइज डीपीआर तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने के अलावा पुराने प्लांट की मरम्मत की जाएगी। पंथाघाटी क्षेत्र के लिए तीन एमएलडी, टुटू में दो एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इसका कार्य ठेकेदार को आवंटित कर दिया है। लालपानी, ढली और मल्याणा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का स्तरोन्नत करने का कार्य जल्द शुरू होगा।
शहरी गरीबों को सात फीसद ब्याज पर मिलेगा लोन
महापौर ने घोषणा की कि स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत 35 लाभार्थियों को 70 लाख रुपये के ऋण स्वरोजगार को बढ़ाने व नया कार्य शुरू करने को दिया जाएगा। सात फीसद ब्याज पर यह ऋण मिलेगा। आजीविका मिशन के तहत इस वित्त वर्ष में 14 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है। तीन महीने में इन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए 10 हजार का रिवॉल्विंग फंड प्रदान किया जाएगा।
अच्छा काम करने वाले कर्मचारी होंगे सम्मानित
नगर निगम अच्छा काम करने वाले फील्ड के कर्मचारियों को सम्मानित करेगा। हर तीन महीने बाद इसका मूल्यांकन किया जाएगा। जो सर्वश्रेष्ठ पाया जाएगा उसे निगम सम्मानित करेगा। कर्मचारियों और अधिकारियों के मनोबल बढ़ाने के लिए निगम ने बजट में इसकी घोषणा की। तहबाजारियों के पुनर्वास के तहत 224 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। 80 दुकानें शीघ्र आवंटित की जाएंगी।
राजस्थान की दो महिला IAS अधिकारियों के जज्बे की कहानी, 'अफसर जीजी' के रूप में बनी पहचान